सीएए और शहीनबाग का विवादित नेता भाजपा में शामिल, चंद घंटे बाद ही पार्टी से हुआ निष्कासन

गाजियाबाद भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने शाहीन बाग, सीएए और एनआरसी  आंदोलन के विवादित नेता कपिल गुर्जर को कराया था भाजपा में शामिल, विवाद बढऩे और मामले के तूल पकडऩे पर भूल सुधारते हुुए किया पार्टी से बाहर

गाजियाबाद। दिल्ली के शाहीन बाग में सीएए और एनआरसी विरोधी प्रदर्शन के दौरान सरेआम गोली चलाने के आरोपी कपिल गुर्जर को आज भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। भाजपा के महानगराध्यक्ष संजीव शर्मा और पप्पू पहलवान की मौजूदगी में कपिल ने भाजपा ज्वाइन की। इस दौरान कपिल गुर्जर ने कहा कि मैं हिंदुत्व के लिए काम करना चाहता हूं। शाहीन बाग में प्रदर्शन के दौरान कपिल गुर्जर ने खुलेआम गोलियां चला दी थीं। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था। कपिल ने कहा कि मैं हिंदुत्व के लिए काम करना चाहता हूं, इसलिए मैं भाजपा के साथ जुड़ा हूं।

इससे पहले मेरा किसी भी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं था। कपिल गुर्जर दिल्ली-नोएडा की सीमा के पास स्थित दल्लूपुरा गांव का रहने वाला है। कपिल को दिल्ली की एक अदालत ने 7 मार्च को जमानत पर रिहा कर दिया था। हालांकि दिल्ली पुलिस ने जमानत याचिका का विरोध किया था, लेकिन कोर्ट ने कपिल की जमानत मंजूर कर उसे रिहा कर दिया था। बता दें कि एक फरवरी को कपिल ने शाहीन बाग में हवाई फायरिंग की थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय से राजघाट तक निकाले जा रहे मार्च में आरोपी ने गोली चलाई थी। उधर, देर शाम भाजपा ने कपिल गुर्जर को बाहर का रास्ता दिखा दिया।