- समरकूल सिर्फ हमारी नहीं, आप सभी की कंपनी है, कर्मचारियों के योगदान से मिली नई ऊंचाइयां: संजीव गुप्ता
- नवरात्र पर चेयरमैन संजीव गुप्ता ने कर्मचारियों को पटका पहनाकर और माता रानी का प्रतीक चिह्न भेंट कर किया सम्मानित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर समरकूल कंपनी में वर्षों से अपनी मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ योगदान देने वाले वरिष्ठ कर्मचारियों के सम्मान में शुक्रवार को भव्य समारोह आयोजित किया गया। कंपनी के चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता एवं राजीव कुमार गुप्ता की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में लंबे समय से कंपनी से जुड़े कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह में सम्मान, अपनापन और भावनाओं का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसमें कंपनी और कर्मचारियों के बीच वर्षों से कायम रिश्तों की गहराई साफ नजर आई। कार्यक्रम के दौरान संजीव कुमार गुप्ता ने वरिष्ठ कर्मचारियों को पटका पहनाकर तथा माता रानी का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने सभी कर्मचारियों को शारदीय नवरात्र की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की। नवरात्र के शुभ अवसर पर आयोजित इस सम्मान समारोह का उद्देश्य केवल कर्मचारियों को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि कंपनी की प्रगति में उनके वर्षों के योगदान को याद करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना भी रहा। समारोह का सबसे भावुक पक्ष वे वरिष्ठ कर्मचारी रहे, जो पिछले 30 से 35 वर्षों से समरकूल के साथ जुड़े हुए हैं।
इन कर्मचारियों ने अपने लंबे कार्यकाल के दौरान मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ कंपनी की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्षों तक एक ही संस्थान के साथ समर्पित भाव से काम करना और हर परिस्थिति में अपने दायित्वों का निर्वहन करना उनकी कार्यनिष्ठा को दर्शाता है। कंपनी प्रबंधन ने इन कर्मचारियों को सम्मानित कर यह संदेश दिया कि किसी भी संस्थान की सफलता के पीछे उसके कर्मचारियों का परिश्रम और विश्वास सबसे महत्वपूर्ण होता है।
‘समरकूल सिर्फ हमारी नहीं, आप सभी की कंपनी है’
इस अवसर पर संजीव कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि कंपनी के बीच ऐसे अनेक साथी हैं, जो पिछले 30 से 35 वर्षों से पूरी कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत और ईमानदारी के साथ समरकूल से जुड़े हुए हैं। इन सभी ने कंधे से कंधा मिलाकर कंपनी को खड़ा करने और आगे बढ़ाने में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि समरकूल की आज की पहचान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने अपने कार्य और समर्पण से कंपनी को मजबूत बनाया है।
संजीव गुप्ता ने कहा समरकूल कंपनी सिर्फ हमारी नहीं, बल्कि आप सभी की कंपनी है। आप सभी के सहयोग, विश्वास और समर्पण से ही आज समरकूल देशभर में अपना नाम रोशन कर रहा है। आप लोगों ने वर्षों तक पूरी निष्ठा से काम किया है और कंपनी को आगे बढ़ाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आपका अनुभव और मेहनत हमारे लिए बेहद मूल्यवान है। हम चाहते हैं कि इसी तरह सभी साथी मिलकर कंपनी को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएं।
सम्मान पाकर भावुक हुए कर्मचारी, साथ मिलकर आगे बढऩे का संकल्प
सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ कर्मचारी अपने योगदान को मिली इस सराहना से भावुक नजर आए। उन्होंने संजीव कुमार गुप्ता का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी प्रबंधन की ओर से दिया गया सम्मान उनके लिए गर्व और प्रोत्साहन का विषय है। कर्मचारियों ने भविष्य में भी पूरी ईमानदारी, मेहनत और निष्ठा के साथ कंपनी से जुड़े रहकर अपना योगदान जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह पारिवारिक और आत्मीय रहा। यहां प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच केवल कामकाज का संबंध ही नहीं, बल्कि वर्षों के विश्वास और सहयोग से बना जुड़ाव भी दिखाई दिया। समारोह ने यह संदेश दिया कि किसी कंपनी की असली ताकत उसकी मशीनों, संसाधनों और कारोबार के साथ-साथ वे लोग भी होते हैं, जो अपने परिश्रम से उसकी नींव मजबूत करते हैं। नवरात्र के शुभ अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह वरिष्ठ कर्मचारियों के योगदान को सराहने और कंपनी परिवार के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर बना।

















