हमला : लपेटे में आए 3 आईपीएस अधिकारी

खफा गृह मंत्रालय ने डेप्युटेशन पर दिल्ली बुलाया
भाजपा अध्यक्ष के काफिले पर पथराव का मामला

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला होने के बाद गृह मंत्रालय काफी गंभीर दिखाई दे रहा है। इस प्रकरण में 3 आईपीएस अफसरों पर कार्रवाई की गई है। तीनों अफसरों को डेप्युटेशन पर दिल्ली बुला लिया गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की सुरक्षा में लापरवाही सामने आने पर गृह मंत्रालय ने यह कदम उठाया है। गृह मंत्रालय की कार्रवाई पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) भड़क गई है। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने गृह मंत्रालय पर पश्चिम बंगाल के आईएसएस और आईपीएस अफसरों को आतंकित करने का आरोप मढ़ा है। सांसद बनर्जी ने कहा है कि अफसरों को डेप्युटेशन पर भेजना, गृह मंत्रालय द्वारा दबाव डालने की रणनीति है। ऐसा कर राज्य में इमरजेंसी जैसी स्थिति उत्पन्न की जा रही है। उधर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला है। विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी भाजपा नेताओं पर ईंट बरसा रहीं हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर भी हमले की साजिश रची गई, मगर भाजपा की अपनी रीति-नीति है। हम अपनी सहिष्णुता नहीं छोड़ते। हम ईंट का जवाब फूल से देंगे। हमारा कमल राज्य को नई पहचान देगा। बता दें कि कुछ दिन पहले जेपी नड्डा 2 दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे थे। इस बीच उनके काफिले को निशाना बनाकर पथराव कर दिया गया था। हमले में जेपी नड्डा तो बाल-बाल बच गए, मगर कैलाश विजयवर्गीय घायल हो गए थे। भाजपा ने इस घटना के लिए टीएमसी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार करार दिया था। इस घटना पर पश्चिम बंगाल से दिल्ली तक हड़कंप मचने के बाद बंगाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल इस मुद्दे पर भाजपा और टीएमसी आमने-सामने हैं।