- वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका न चूकें, 28 और 29 नवंबर को बूथों पर चलेगा विशेष अभियान
- एसएसआर-2027 के तहत दो दिन विशेष अभियान चलाकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे
- 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस, नाम-पता सहित अन्य विवरणों में भी करा सकेंगे संशोधन
- डीएम ने ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ को दिए निर्देश, व्यापक प्रचार-प्रसार कर बढ़ाएं भागीदारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज कर दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर-2027) के तहत जनपद में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के साथ ही नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन तथा सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोडऩा है, जिनका नाम अभी तक दर्ज नहीं हो सका है। खासतौर पर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने अभियान को सफल बनाने के लिए निर्वाचन विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचनी चाहिए। विशेष अभियान के दौरान उन युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और अब पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि ऐसे सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करें। इसके साथ ही ऐसे नागरिक भी अभियान का लाभ उठा सकेंगे, जिनका नाम किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि लोगों को आवेदन करने और अपनी जानकारी दुरुस्त कराने में किसी तरह की परेशानी न हो। बीएलओ के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने और अपने नाम का सत्यापन करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। प्रशासन का मानना है कि समय रहते मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से आगामी चुनाव में पात्र नागरिक आसानी से अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
नाम-पता में गलती सुधारने और सत्यापन का भी मिलेगा मौका
विशेष अभियान केवल नए मतदाताओं के नाम जोडऩे तक सीमित नहीं रहेगा। जिन लोगों के नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन उनके नाम, पते या अन्य व्यक्तिगत विवरणों में कोई त्रुटि है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन करा सकेंगे। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज अपनी जानकारी का सत्यापन कराने का भी अवसर मिलेगा। प्रशासन का उद्देश्य सूची में दोहराव, गलत विवरण और अन्य त्रुटियों को दूर कर इसे अधिक सटीक बनाना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मतदान केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोडऩे पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता निष्पक्ष, पारदर्शी और मजबूत निर्वाचन व्यवस्था की आधारशिला है। इसलिए इसकी तैयारी में प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
पात्र मतदाता न छूटे, समयसीमा में पूरा हो अभियान
डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे किए जाएं। अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों और संशोधन संबंधी अनुरोधों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना प्रत्येक पात्र नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा विषय है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव या प्रक्रिया की कठिनाई के कारण मतदाता बनने से वंचित न रह जाए।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे 28 और 29 नवंबर को चलने वाले विशेष अभियान का लाभ उठाएं। जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे मतदाता बनने के लिए आवेदन करें। वहीं पहले से मतदाता सूची में शामिल लोग अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर लें, ताकि किसी त्रुटि के कारण भविष्य में मतदान के दौरान परेशानी न हो।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। हमारा प्रयास है कि जनपद का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। विशेष अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची से जोडऩे के साथ ही पहले से दर्ज नामों और अन्य विवरणों में त्रुटियों को भी दुरुस्त कराया जाएगा। सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ अभियान संचालित करें।नागरिकों से अपील है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम
और विवरण अवश्य जांचें, क्योंकि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं।
-रविन्द्र कुमार मांदड
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी

















