-चार ईवी चार्जिंग स्टेशन बनने से इलेक्ट्रिक बसों को मिलेगी चार्जिंग की सुविधा
-नोएडा प्राधिकरण ने विकास कार्यों के लिए जारी किया टेंडर, आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में होगा विकसित
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। सेक्टर-38ए स्थित बॉटनिकल गार्डन बस टर्मिनल की जल्द ही तस्वीर बदलने वाली है। नोएडा प्राधिकरण ने इस प्रमुख परिवहन केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके कायाकल्प पर करीब 9.45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण की ओर से विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। योजना के तहत टर्मिनल परिसर में चार इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा फसाड लाइटिंग, एलईडी स्क्रीन और बिजली से जुड़े विभिन्न कार्य भी कराए जाएंगे। इन सुविधाओं के विकसित होने से न केवल टर्मिनल का स्वरूप आकर्षक होगा, बल्कि यात्रियों और इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से जुड़ी सुविधाओं में भी सुधार होगा।
बॉटनिकल गार्डन बस टर्मिनल नोएडा के प्रमुख परिवहन केंद्रों में शामिल है। यहां से शहर के विभिन्न सेक्टरों के साथ दिल्ली और आसपास के अन्य शहरों के लिए बसों का संचालन किया जाता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री इस टर्मिनल का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में यहां आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। प्राधिकरण की योजना के तहत परिसर में चार ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इससे इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने की सुविधा उपलब्ध होगी और उनके संचालन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। आने वाले समय में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में इलेक्ट्रिक बसों की भूमिका बढऩे की संभावना को देखते हुए चार्जिंग ढांचे को मजबूत करना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फसाड लाइटिंग से रात में निखरेगा टर्मिनल का स्वरूप
योजना में बस टर्मिनल की बाहरी दीवारों पर फसाड लाइटिंग लगाने का काम भी शामिल है। इसके पूरा होने के बाद रात के समय टर्मिनल रोशनी से जगमगाएगा और उसका बाहरी स्वरूप पहले से अधिक आकर्षक दिखाई देगा। प्राधिकरण का प्रयास है कि शहर के इस महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र को आधुनिक और व्यवस्थित पहचान दी जाए। इसके लिए बिजली से जुड़े जरूरी कार्य भी कराए जाएंगे, जिससे परिसर में प्रस्तावित नई सुविधाओं का बेहतर ढंग से संचालन हो सके। टर्मिनल के सौंदर्यीकरण के साथ उसकी उपयोगिता और सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
एलईडी स्क्रीन से यात्रियों को मिलेंगी जरूरी जानकारियां
यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल परिसर में एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से यात्रियों को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे बस सेवाओं से संबंधित जानकारी हासिल करने में यात्रियों को सहूलियत मिल सकेगी। फिलहाल प्राधिकरण ने इन सभी कार्यों को पूरा कराने के लिए 9.45 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी के माध्यम से विकास कार्य कराए जाएंगे। प्राधिकरण का लक्ष्य बॉटनिकल गार्डन बस टर्मिनल को केवल बसों के आवागमन का केंद्र बनाए रखने के बजाय आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करना है। काम पूरा होने के बाद यहां आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ टर्मिनल का बाहरी स्वरूप भी बदला हुआ नजर आएगा।

















