प्रतिभा, आत्मविश्वास और हुनर से सजा ‘जेनेसिस 2026’, नए विद्यार्थियों ने बिखेरा जलवा

  • एचआईएमटी में नए विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत, गीत-संगीत और प्रस्तुतियों ने बांधा समां
  • अभिषेक गौतम और खुशी बने एमबीए के मिस्टर-मिस फ्रेशर, दक्ष प्रीत व प्रियांशी ने बीबीए में मारी बाजी
  • चेयरमैन एचएस बंसल ने दी शुभकामनाएं, पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए किया प्रेरित

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। हरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एचआईएमटी), ग्रेटर नोएडा में बीबीए और एमबीए के नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘जेनेसिस 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित इस समारोह में प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, रचनात्मकता और आकर्षक प्रस्तुतियों का शानदार संगम देखने को मिला। गीत-संगीत, नृत्य, फैशन, मनोरंजक गतिविधियों और विभिन्न प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्साह और उमंग से भर दिया। समारोह का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को एचआईएमटी परिवार से जोडऩे के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व को प्रदर्शित करने का अवसर देना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नए विद्यार्थियों के बीच आपसी मेलजोल, संवाद और अपनापन बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

समारोह के दौरान विजेताओं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और आयोजन टीम के सामूहिक प्रयासों से ‘जेनेसिस 2026’ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों के लिए एचआईएमटी में उनके नए सफर की यादगार शुरुआत की, जहां नई दोस्ती, नए अवसर, नई उम्मीदों और नई उपलब्धियों की संभावनाओं ने दस्तक दी। संस्थान प्रबंधन ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक, व्यावसायिक और व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

शोस्टॉपर वर्ग में आयुष ने लड़कों और आरती ने लड़कियों का खिताब हासिल किया। कार्यक्रम में बीबीए और एमबीए दोनों पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों, संगीत और मनोरंजक गतिविधियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और आत्मविश्वास के माध्यम से यह साबित किया कि शिक्षा के साथ अन्य प्रतिभाओं का विकास भी उनके व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

प्रतिभा के साथ आत्मविश्वास की भी हुई परीक्षा
‘जेनेसिस 2026’ का मुख्य आकर्षण मिस्टर एवं मिस फ्रेशर, स्टाइल आइकॉन और शोस्टॉपर के खिताब के लिए आयोजित प्रतियोगिता रही। प्रतिभागियों को आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद शैली, प्रस्तुतीकरण क्षमता, रचनात्मकता और मंच पर उनकी उपस्थिति सहित विभिन्न मानकों पर परखा गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। एमबीए वर्ग में अभिषेक गौतम को मिस्टर फ्रेशर और खुशी को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं बीबीए में दक्ष प्रीत सिंह ने मिस्टर फ्रेशर और प्रियांशी ने मिस फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया। एमबीए वर्ग में कृष्णा को मिस्टर स्टाइल आइकॉन और सोनिया को मिस स्टाइल आइकॉन, जबकि बीबीए में विवेक को मिस्टर स्टाइल आइकॉन और अंकिता को मिस स्टाइल आइकॉन चुना गया।

शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास भी जरूरी : सुधीर कुमार
समारोह में एचआईएमटी समूह के अध्यक्ष एचएस बंसल ने सभी नए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान में उनका स्वागत केवल एक नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। समूह के सचिव अनिल कुमार बंसल और संयुक्त सचिव अनमोल बंसल ने सभी नए विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि एचआईएमटी परिवार में प्रत्येक विद्यार्थी का स्वागत है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान में उपलब्ध अवसरों का भरपूर लाभ उठाने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। समूह निदेशक प्रोफेसर डॉ. सुधीर कुमार ने विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, संवाद कौशल और सामूहिक कार्य की भावना का विकास भी बेहद जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं।

हार से नहीं, सीख से मिलती है सफलता : पंकज कुमार
संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. पंकज कुमार ने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी है। विद्यार्थियों को असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास को अपना साथी बनाना होगा।

कार्यकारी निदेशक डॉ. विक्रांत चौधरी ने नए विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन का भरोसा दिलाते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके व्यक्तित्व और व्यावसायिक विकास पर भी विशेष ध्यान देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी प्रतिभा को पहचानें, नए अवसरों का लाभ उठाएं और अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ें।