गाजियाबाद में महिला पुलिसकर्मियों ने ‘शक्ति ऑन व्हील्स’ से दिखाई ताकत

-हथियारों से लैस होकर भीड़-भाड़ वाली जगहों पर पेट्रोलिंग, महिलाओं की सुरक्षा को नया आयाम
-महिला पुलिसकर्मी केवल सुरक्षा की प्राप्तकर्ता नहीं, बल्कि प्रहरी भी हैं: प्रियाश्री पाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के पाँचवें चरण के तहत कमिश्नरेट गाजियाबाद में आज “शक्ति ऑन व्हील्स” प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस अभियान में महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लाँग और शॉर्ट रेंज हथियारों से लैस होकर पूजा पंडाल, मंदिर, बाजार, स्कूल, सोसाइटियों और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर पेट्रोलिंग करती नजर आईं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, समाज में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना और मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण को धरातल पर लागू करना है।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक ओरबिट गोल चक्कर से किया। इसके अगले दिन 24 सितंबर को समय 12:30 बजे थाना वेव सिटी के सामने से अभियान की अगवाई करते हुए प्रियाश्री पाल, सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी, थानाध्यक्ष वेव सिटी, थानाध्यक्ष क्रॉसिंग रिपब्लिक और लगभग 60 महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी ने पेट्रोलिंग शुरू की।

महिला पुलिसकर्मी विभिन्न भीड़-भाड़ वाली जगहों, स्कूलों, बाजार और सोसाइटियों में सुरक्षा सुनिश्चित करती हुई दिखाई दीं। अभियान के दौरान उन्होंने जनता के साथ संवाद किया और महिलाओं तथा बालिकाओं के अधिकारों और सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक किया। ‘शक्ति ऑन व्हील्स’ अभियान की सफलता को देखते हुए कमिश्नरेट गाजियाबाद ने इसे नियमित रूप से आयोजित करने की योजना बनाई है। भविष्य में इसे और अधिक क्षेत्रों में विस्तारित किया जाएगा, जिससे महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता और बढ़ेगी। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा हथियारों से लैस होकर की गई यह पैट्रोलिंग न केवल सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उनकी नेतृत्व क्षमता को भी उजागर करती है।

प्रियाश्री पाल ने महिलाओं की भूमिका पर दिया जोर
सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि महिलाएं केवल सुरक्षा की प्राप्तकर्ता नहीं हैं, बल्कि सुरक्षा की प्रहरी भी हैं। महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। महिलाओं का सशक्तिकरण केवल अधिकार देने का विषय नहीं है, बल्कि उन्हें सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारी की भावना देना भी है।

महिला सुरक्षा और समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास
“शक्ति ऑन व्हील्स” अभियान का उद्देश्य केवल पेट्रोलिंग तक सीमित नहीं है। यह महिला सशक्तिकरण, जागरूकता और समाज में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक ठोस कदम है। अभियान के माध्यम से नागरिकों में महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस विभाग ने इस अवसर पर यह स्पष्ट किया कि अभियान के जरिए समाज में यह संदेश दिया जाए कि महिलाएं कमजोर नहीं हैं, बल्कि वे सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाने में सक्षम हैं। इससे न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि समाज में भी एक सुरक्षित वातावरण का निर्माण होता है।