-गाजियाबाद विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष के नेतृत्व में विश्व योग दिवस पर अनुशासित जीवनशैली का सशक्त संदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व योग दिवस के अवसर पर शनिवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने दो महत्वपूर्ण स्थलों पर योग कार्यक्रम का आयोजन कर यह संदेश दिया कि योग केवल एक दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आवश्यकता है। आयोजन मधुबन बापूधाम योजना के गोल चक्कर पार्क और प्राधिकरण कार्यालय परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में प्राधिकरण अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। प्राधिकरण परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने योग को अनुशासित जीवनशैली का माध्यम बताते हुए कहा कि आज की तेज रफ्तार और तनावपूर्ण दिनचर्या में इंसान स्वयं के शरीर और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह हो गया है। समय रहते इस पर ध्यान न देने से बीमारियां आमंत्रित हो जाती हैं।
ऐसे में योग ही वह साधन है, जो तन और मन को संतुलन देता है। उन्होंने कहा कि योग को जीवन में अपनाने के लिए किसी विशेष दिवस का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि आज से, अभी से शुरुआत करनी चाहिए। योग के निरंतर अभ्यास से न केवल मानसिक शांति प्राप्त होती है, बल्कि यह शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में भी सहायक होता है। इस अवसर पर योगाचार्यों द्वारा विभिन्न आसनों और प्राणायामों का अभ्यास कराया गया, जिनमें ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम और ध्यान शामिल रहे। प्राधिकरण सचिव, वित्त नियंत्रक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारीगण भी बड़ी संख्या में योग सत्र में सम्मिलित हुए और आयोजन को सफल बनाया।
इस ऐतिहासिक आयोजन में प्राधिकरण सचिव, वित्त नियंत्रक सहित वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने न केवल सहभागिता की, बल्कि इसे ‘प्रशासनिक संवेदनशीलता और जागरूकता की मिसाल’ भी बनाया। योगाचार्यों द्वारा कराए गए प्राणायाम, ध्यान एवं शारीरिक आसनों ने शरीर के साथ-साथ आत्मा को भी स्पर्श किया। इस आयोजन के माध्यम से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने यह स्पष्ट कर दिया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि एक गहन सामाजिक और मानसिक जागरूकता का आंदोलन है, जिसे प्रत्येक नागरिक को अपनाना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं योग करेंगे, बल्कि अपने परिवार, सहकर्मियों और समुदाय में भी इसकी अलख जगाते रहेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह,फाइनेंस कंट्रोल अशोक वाजपेयी,अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह,ओएसडी राजीव रत्न सिंह समेत अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया।


















