गर्भवती महिलाओं का पोषण और सुरक्षा प्राथमिकता, हर जरूरतमंद तक पहुंचे मदद : उपासना पाण्डेय

  • संजय नगर अस्पताल में रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से वितरित की पोषण पोटली
  • मातृ स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार और समय पर चिकित्सकीय परामर्श जरूरी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग की ओर से संवेदनशील पहल की गई। शुक्रवार को सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली उपासना पाण्डेय ने रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से संजय नगर अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की। इस दौरान महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य, पौष्टिक आहार और महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के उपायों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के दौरान एसीपी उपासना पांडेय ने महिलाओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और गर्भावस्था में उचित देखभाल को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। पोषण पोटली वितरण के माध्यम से महिलाओं को पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

साथ ही उन्हें बताया गया कि मातृ स्वास्थ्य की देखभाल परिवार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज नहीं करने के प्रति भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महिला सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीडऩ अथवा असुरक्षा की स्थिति में संबंधित सहायता सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है।

कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पडऩे पर मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। एसीपी उपासना पाण्डेय की इस पहल में स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा, दोनों विषयों को प्रमुखता दी गई। रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम ने गर्भवती महिलाओं तक पोषण सहायता और जरूरी जानकारियां पहुंचाने का प्रयास किया। इसका उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं से जोडऩा तथा उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।