सुरक्षा व्यवस्था में न हो कोई चूक: इन्द्र विक्रम सिंह

जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया हापुड़ में स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

गाजियाबाद/हापुड़। गाजियाबाद लोकसभा सीट में शामिल हापुड़ जनपद की धौलाना आंशिक विधानसभा क्षेत्र में बीते 26 अप्रैल को हुए मतदान के बाद वहां की ईवीएम हापुड़ जनपद में स्ट्रांग रूम में रखी गई है। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने हापुड़ जनपद के अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार, उप जिलाधिकारी धौलाना संतोष कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार त्यागी सहित अन्य अधिकारी के साथ हापुड़ में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे।

धौलाना आंशिक विधानसभा हापुड़ जनपद में आती है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने हापुड़ पहुंचकर स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी इंन्द्र विक्रम सिंह ने निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम की सुरक्षा से संबंधित सभी सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में लगे अर्धसैनिक बलों के जवानों से बातचीत की। उनके अधिकारियों से बात करते हुए कहा कि ईवीएम की सुरक्षा से संबंधित कोई भी चूक नहीं होनी चाहिए। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाए।

उन्होंने बताया स्ट्रांग रूम में निगरानी व सुरक्षा में अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरे से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। फोर्स की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। ताकि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो। उन्होंने बताया कि समय- समय पर स्ट्रांग रूम का निरीक्षण भी किया जा रहा है। सुरक्षा में लगे जवानों को स्ट्रांग रूम व आसपास पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।