- नया ट्रैफिक कार्यालय जाम और हादसों से निपटने में बनेगा मददगार : राज करन नैय्यर
- एएलटी पुल के नीचे नए यातायात निरीक्षक कार्यालय का शुभारंभ, पीक ऑवर्स में बढ़ेगा पुलिस बल
- दुर्घटना और वाहन खराब होने पर तत्काल मौके पर पहुंचेगी टीम, सुचारू कराया जाएगा यातायात
- स्थानीय लोग सीधे कार्यालय में दर्ज करा सकेंगे ट्रैफिक से जुड़ी शिकायतें और सुझाव
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में जाम की समस्या से निपटने और सड़क दुर्घटनाओं में तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए शुक्रवार को सब-जोन-9 में नवीन यातायात निरीक्षक कार्यालय शुरू किया गया। एएलटी पुल के नीचे स्थित कार्यालय का एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था एवं यातायात राज करन नैय्यर ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर राज करन नैय्यर ने कहा कि सब-जोन-9 में सुगम आवागमन, मजबूत यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से यह कार्यालय शुरू किया गया है। इसके माध्यम से जाम से निपटने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में तत्काल सहायता पहुंचाने का काम किया जाएगा।
नए कार्यालय से राजनगर एक्सटेंशन और सब-जोन-9 के प्रमुख चौराहों, कटों और व्यस्त मार्गों पर यातायात नियंत्रण एवं प्रबंधन को प्रभावी बनाया जाएगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यहीं से आवश्यक दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन दिया जाएगा। सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में जाम की स्थिति से निपटने के लिए राजनगर एक्सटेंशन और आसपास के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उद्घाटन के दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात) त्रिगुण बिसेन, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) वरुण सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), सभी यातायात निरीक्षक, टीवीएफ सदस्य, डीवीएफ प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने नए कार्यालय को राजनगर एक्सटेंशन की यातायात व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और अनुशासित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
हादसे की सूचना मिलते ही पहुंचेगी टीम
यातायात पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में किसी सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय कार्यालय से पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा। टीम घायलों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता दिलाने के साथ दुर्घटना के कारण बाधित हुए मार्ग को भी जल्द सुचारू कराने का प्रयास करेगी। इसी तरह वाहन खराब होने या किसी अन्य कारण से जाम लगने की स्थिति में भी तत्काल पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर यातायात सामान्य कराया जाएगा।
दूर नहीं जाना पड़ेगा, कार्यालय में दर्ज होगी शिकायत
नए कार्यालय का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य स्थानीय लोगों की यातायात संबंधी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना भी है। अब क्षेत्रवासियों को ट्रैफिक से जुड़ी शिकायत, समस्या या सुझाव देने के लिए दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे सीधे नवीन यातायात निरीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ट्रैफिक वालंटियर फोर्स (टीवीएफ) के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर यातायात संबंधी समस्याओं को चिन्हित किया जाएगा और उनके स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।
















