-5890 वर्गमीटर नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला, मकान मालिकों को मकान खाली करने के निर्देश
-सिद्धार्थ विहार के पुस्ते से आगे डूब क्षेत्र में बने मकानों की जांच शुरू, पहले भी तोड़े जा चुके हैं अवैध निर्माण
-सरकारी जमीन बेचने वालों की होगी जांच, भू-माफियाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की सूचना मिलते ही महापौर सुनीता दयाल शुक्रवार को खुद अर्थला डूब क्षेत्र (सिद्धार्थ विहार) पहुंच गईं। यहां नगर निगम की जमीन पर कब्जा कर मकान बनाने का मामला सामने आया था। महापौर ने नगर निगम के संपत्ति विभाग और तहसील की संयुक्त टीम की मौजूदगी में मौके पर जमीन की पैमाइश कराई। इस दौरान खसरा संख्या 1781, 1782, 1783, 1784, 1785 और 1786 की कुल 5890 वर्गमीटर भूमि की नापजोख की गई। जमीन पर कुछ लोगों द्वारा मकान बनाए जाने की पुष्टि होने पर महापौर ने संबंधित मकान मालिकों को मकान खाली करने के निर्देश दिए। महापौर को सूचना मिली थी कि सिद्धार्थ विहार के पुस्ते से आगे अर्थला गांव के डूब क्षेत्र में नगर निगम की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल नगर निगम की संपत्ति प्रभारी चंद्रकांता से वार्ता कर टीम को मौके पर बुलाया। साथ ही सदर तहसील से नायब तहसीलदार और लेखपाल को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। इसके बाद महापौर स्वयं मौके पर पहुंचीं और संपत्ति प्रभारी चंद्रकांता, नायब तहसीलदार मोहन लाल, लेखपाल मनोज और राजस्व निरीक्षक ओमपाल सिंह की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कराई।
जांच के दौरान सामने आया कि नगर निगम की इस सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने मकान बना लिए हैं। खास बात यह है कि इससे पहले भी इस भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कराया जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा सरकारी जमीन पर कब्जे और निर्माण के प्रयास किए जा रहे हैं। महापौर ने मौके पर मौजूद मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह नगर निगम की सरकारी भूमि है, इसलिए इस पर किए गए कब्जे को खाली किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को भी जमीन की स्थिति और अवैध कब्जों से संबंधित जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि डूब क्षेत्र में भू-माफिया गरीब और भोले-भाले लोगों को नगर निगम की जमीन बेचकर उनके साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। लोगों को ऐसी जमीन का सौदा करने से पहले उसकी वैधता की जांच जरूर करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि कुछ ऐसे लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जो अर्थला डूब क्षेत्र में सरकारी जमीन बेचने का काम कर रहे हैं। इनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि कोई भी प्लॉट, जमीन या मकान खरीदने से पहले नगर निगम और तहसील में उसके दस्तावेजों तथा स्वामित्व की जांच अवश्य कराएं। सस्ते मकान या प्लॉट के लालच में बिना जांच-पड़ताल के जमीन खरीदना भविष्य में बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नगर निगम की संपत्तियों को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

















