- सूर्य उपासना और छठी मैया के मंगल गीतों से भक्तिमय हुआ सोसाइटी का वातावरण
- पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपराओं को उत्साह के साथ मनाने जुटे निवासी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पंचशील प्राइम रोज सोसाइटी में लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना को समर्पित इस महापर्व के आयोजन से पूरी सोसाइटी भक्तिमय हो उठी। छठी मैया के मंगल गीतों और पूजा की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन में पूर्वांचल के विभिन्न प्रदेशों और जिलों से आकर सोसाइटी में रहने वाले परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की उन विशिष्ट परंपराओं में शामिल है, जिसमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, तपस्या, त्याग और अटूट आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती पूरी निष्ठा और पवित्रता के साथ भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना करते हैं। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ उदीयमान सूर्य की आराधना का भी विशेष महत्व है। यह पर्व जीवन में धैर्य, सकारात्मकता और नई उम्मीद का संदेश देता है।

आयोजन की सबसे खास बात सोसाइटी के सभी निवासियों की सामूहिक सहभागिता रही। पूर्वांचल समाज के परिवारों के साथ अन्य क्षेत्रों और संस्कृतियों से जुड़े परिवारों ने भी आयोजन में सहयोग किया। क्षेत्र, भाषा और संस्कृति की सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों ने छठ व्रतियों की सुविधा और महोत्सव की तैयारियों में अपनी भागीदारी निभाई। इससे सोसाइटी में सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और भाईचारे की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। इस अवसर पर वित्तीय सलाहकार रविंद्र तिवारी, सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष नीरज सिंह, आशीष तिवारी, सुधीर वर्मा, संजय महाजन, अरविंद कुमार, नरेंद्र पांडे, राजेश मिश्रा, अविनाश पाठक, राजेश पाठक, नीरज शुक्ला, सुधीर शर्मा, अजय कांत दुबे, संजय तिवारी, राकेश राय, रानी सिंह, अनीता तिवारी, कंचन तिवारी और ज्योति शुक्ला सहित बड़ी संख्या में सोसाइटी के गणमान्य निवासी एवं उनके परिवार मौजूद रहे।
आयोजन में शामिल लोगों ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और आपसी रिश्तों को मजबूत करने का भी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जुडऩे का अवसर मिलता है। पूर्वांचल की समृद्ध लोक संस्कृति को अपनी कर्मभूमि गाजियाबाद में इतने उत्साह और सम्मान के साथ मनाना सभी के लिए गर्व का विषय है। पंचशील प्राइम रोज सोसाइटी के निवासियों की सामूहिक भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया। श्रद्धालुओं ने छठी मैया से सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण करने और प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही समाज में प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना सदैव बनी रहने की कामना की।

















