कोविड से जंग : वेब वार्ता के जरिए प्लानिंग

-पार्षदों से टीकाकरण में सहयोग की अपील

गाजियाबाद। उप्र के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के आदेश के क्रम में गाजियाबाद नगर निगम से मेयर आशा शर्मा, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर, पार्षदों व जनप्रतिनिधियों द्वारा वेब वार्ता के जरिए कोविड-19 की महामारी से संबंधित विशेष टीका उत्सव कार्यक्रम आयोजित करने के लिए वार्ता की गई। कोविड-19 महामारी से लड़ाई के लिए प्रत्येक स्तर पर व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें ट्रैकिंग, ट्रेसिंग एवं ट्रीटमेंट के विभिन्न पहलू भी सम्मिलित हैं। इसी क्रम में वैक्सीन टीकाकरण कराकर शहर को कोविड-19 से बचाया जा सकता है। जनता को जागरूक करने के लिए क्षेत्रीय पार्षदों व जन-प्रतिनिधियों से भी अपील की गई है कि अपने क्षेत्र में कोरोना का टीकाकरण अधिक से अधिक कराएं ताकि देश में फैली महामारी से एकजुट होकर लड़ा जा सके।मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्नर ने नगर निगम सीमांतर्गत पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्र में कोविड-19 टीकाकरण कराने की अपील की। साथ ही जनता को कोविड-19 से बचाव को जागरूकता के लिए भी प्रेरित किया। वेब वार्ता में सभी क्षेत्रों के पार्षदों के अलावा नगर निगम के साथ-साथ नगर पालिकाओं के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने भी हिस्सा लिया।