- पुलिस-प्रसाशन ने किया निरीक्षण, संवेदनशील इलाकों में पुलिस का सख्त पहरा
गाजियाबाद। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद साहब को लेकर दिए गए विवादित बयान का मुस्लिम समुदायों में रोष थम नहीं रहा है। शुक्रवार को जिले में जुमे की नमाज को लेकर भारी संख्या में पुलिसफोर्स तैनात करने के साथ पीएसी जवानों एवं ड्रोन कैमरों की निगरानी में जुमे की नमाज अता की गई। जिले में शांतिपूर्ण तरीके से जुमे की नमाज अता होने के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में पहले ही जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट किया गया था। उपद्रव करने एवं कानून व्यवस्था खराब करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए थे। मजिस्ट्रेेट एवं पुलिस अधिकारियों की मुस्तैदी के चलते जिले में शांतिपूर्ण तरीके से जुमे की नमाज अता की गई। वहीं, एसएसपी मुनिराज जी. ने स्वयं एडीएम सिटी बिपिन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, एसपी सिटी निपुण अग्रवाल आदि पुलिस फोर्स के साथ कई इलाकों में भ्रमण किया। वहीं, मुरादनगर, डासना, मसूरी एवं मोदीनगर क्षेत्र में एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने पुलिस फोर्स के साथ जुमे की नमाज को लेकर इलाकों में जायजा लिया।

जिलेभर में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस के सख्त पहरे के बीच जुमे की नमाज पढ़ी गई। कहीं भी माहौल नहीं बिगड़ा। जुमे की नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई।जिले में संवेदनशील इलाकों,मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल को तैनात किया गया। इन जगहों पर पुलिस सख्ती से पहरा रहा। ड्रोन कैमरों से इलाकों पर निगरानी रखी गई।ताकि कहीं भी तनाव उत्पन्न होता दिखे तो उसे माहौल बिगडऩे से पहले स्थिति को संभाल लिया जाए। जिले में जुमे की नमाज सभी मस्जिदों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।जिले में नमाज से पहले ही प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में जाकर लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की। जिसका असर भी देखने को मिला।

बता दें कि कानपुर में हुए बवाल के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। आशंका थी कि असामाजिक तत्व जिले की शांति व्यवस्था को चुनौती दे सकते हैं। जिले में कैला भट्टा ईदगाह पर ड्रोन से निगरानी की गई। वहीं, सेक्टर-23 संजय नगर की मस्जिद के पास पुलिस बल तैनात किया गया था। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में भी शुक्रवार को कई स्थानों पर नमाज के दौरान सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए। विभिन्न स्थानों पर करीब 500 पुलिसकर्मियों के अलावा पीएसी के जवान भी तैनात रहे। शहीद नगर, पसौंडा, गरिमा गार्डन, खोड़ा, महाराजपुर, फर्रूखनगर के अलावा लोनी क्षेत्र में विशेष निगाह रखी गई।
एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि कहीं भी किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। सभी के क्षेत्रों में शुक्रवार की नमाज कुशलतापूर्वक संपन्न होनी चाहिए। यहीं कारण रहा कि सुबह से ही थाना प्रभारी भी अपने-अपने क्षेत्र के चौकी इंचार्ज के अलावा सूचना तंत्र के संपर्क में रहे। सुबह से लेकर दोपहर ढ़ाई बजे तक यहीं स्थित बनी रही। हालांकि पूरे इलाकों में शांतिपूवर्क दिन निकलने पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

















