-भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस पार्षद आज से करेंगे अनिश्चितकालीन धरना शुरू
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा नगर निगम के वार्ड-53 के गांव रईसपुर में 11 साल पहले अवस्थापना विकास निधि के फंड से डाली गई सीवर और पानी की पाइप लाइनें अब गांव वालों के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बन रही है। रईसपुर गांव में रहने वाले 3 लोगों के मकानों में सीवर लाइनों के ओवरफ्लो और लीकेज होने के चलते मकान में दरार आ गई है। मकान में दरार आने की वजह से मजदूरी करने वाले तीनों परिवार के लोगों में दहशत व्याप्त है। रईसपुर गांव में रहने वाले जयप्रकाश सिंह, सिबू और अशोक के मकान में आई दरार की वजह से यह तीनों गरीब परिवार अब जीडीए के सिर पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। वार्ड-53 के कांग्रेसी पार्षद मनोज चौधरी ने बताया कि पिछले साल भी कई मकानों में सीवर लाइनों के लीकेज होने की वजह से दरार आ गई थी। जीडीए ने पिछले साल जेसीबी मशीन से कुछ स्थानों पर सीवर लाइनों की सफाई कर अपने कार्य से इतिश्री कर ली थी। जीडीए द्वारा वर्ष-2010 में गांव रईसपुर में 7 करोड़ रुपए की लागत से पूरे गांव में सीवर लाइन और पानी की पाइप लाइनों को डालने के अलावा ओवरहेड टंकी का निर्माण कार्य कराया था। जीडीए द्वारा 7 करोड़ रुपए खर्च किए जाने के बाद भी अभी तक इनका न तो मेंटीनेंस कार्य जीडीए ही कर पा रहा है, जबकि नगर निगम भी मेंटीनेंस का कार्य नहीं कर रहा है। पार्षद मनोज चौधरी ने आरोप लगाया कि इतना पैसा खर्च होने के बाद अब गांव वालों के लिए यह सीवर लाइन मुसीबत बन गई है। पानी की टंकी लगी होने के बाद इसमें पानी आज तक चालू नहीं किया गया। जीडीए सीवर लाइन को नगर निगम द्वारा हैंडओवर नहीं करने की बात कह रहा है। जबकि नगर निगम के अधिकारी अधूरा काम होने का बहाना बताकर पानी की टंकी को हैंडओवर नहीं कर पा रहे है। किसी भी दिन कोई बड़ी हांनि हो सकती है। कांग्रेस पार्षद मनोज चौधरी आज से शुक्रवार तक संजयनगर एम ब्लॉक में नगर निगम में भ्रष्टाचार और एक्ट को दरकिनार कर अधिकारियों द्वारा निर्णय लिए जाने के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
















