एयर क्वालिटी सुधार के लिए ग्रेप की तैयारी में जुटा नगर निगम

-म्युनिसिपल कमिश्नर ने अधिकारियों संग की मंत्रणा
-शहर में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए विशेष टीम

गाजियाबाद। एनसीआर में वायु प्रदूषण में सुधार के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने प्रदूषण रोधी उपायों में बदलाव किया है। श्रेणीबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-ग्रेप) के तहत नए नियम एक अक्टूबर से लागू होंगे। अब डीजल जनरेटर नहीं चल सकेंगे। सीएनजी और मौजूदा जनरेटर, जिनमें सुधार करके मान्यता प्राप्त गैस किट लगाई गई है, की ही अनुमत होगी। ज्यादा पुराने वाहनों के संचालन पर सख्त प्रतिबंध होगा। वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार होने पर सभी रेस्टोरेंट, भोजनालय और होटलों में कोयला और लकड़ी जलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। वहीं नगर निगम ने भी वायु गुणवत्ता सुधार के लिए प्रयास तेज कर दिए है। निगम के सभी विभागीय अधिकारी के नेतृत्व में वायु गुणवत्ता सुधार को ध्यान में रखते हुए कार्य कराया जा रहा है। निगम के कार्य की रफ्तार भी तेज होती दिखाई दे रही है।

म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विशेष रूप से कार्यवाही कर रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से ग्रेप की विषय पर संयुक्त रूप से चर्चा की। जिसमें संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश भी दिए। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को विशेष तैयारी के लिए भी कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को कचरा जलाने पर रोक लगाने, कोयला भट्टी पर रोक लगाने, शहर में धूल मुक्त अभियान चलाने, लगातार मुख्य मार्ग एवं आंतरिक गलियों में पानी का छिड़काव करने निर्देश दिए।

म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा वायु गुणवत्ता हम सबके स्वास्थ्य से जुड़ी है। इसके लिए जनता को आगे आकर सहयोग करना होगा। इसके लिए जनता को सार्वजनिक परिवहन के साथ, मानकों पर आधारित वाहन व्यवस्था को अपनाना होगा। सामुदायिक स्तर पर वायु को प्रदूषित करने वाले कारकों के प्रति जागरूक होना होगा। तभी वायु प्रदूषण पर काफी हद रोक लगाना संभव है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया कि शहर में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए विशेष टीम लगाई गई है। जिसमें 25 सफाई मित्रों की टीम खुले में कचरा डालने पर रोक लगाएगी। तत्काल कचरे को उठाने का कार्य करेगी। 25 वॉटर स्प्रिंकलर मशीन पानी छिड़काव का कार्य करेंगे, पांच एंटी स्मोक गन लगाई गई है।