- जैव प्रौद्योगिकी विभाग में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को दी भावुक विदाई
- दीप प्रज्वलन के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने नृत्य-संगीत से बांधा समां
- एमएससी में सलोनी भाटी और तमन्ना को मिला मिस फ्रेशर का खिताब
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विदाई देने के लिए मंगलवार को रंगारंग फ्रेशर्स-कम-फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर नए विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत किया गया, वहीं दूसरी ओर अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने साथ बिताए यादगार पलों को साझा करते हुए विदाई ली। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरपर्सन एचएस बंसल, सचिव अनिल बंसल, संयुक्त सचिव अनमोल बंसल, ग्रुप डायरेक्टर प्रो. डॉ. सुधीर कुमार, कार्यकारी निदेशक डॉ. विक्रांत चौधरी और निदेशक प्रो. डॉ. पंकज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग के विभागाध्यक्ष नरेंद्र कुमार उपाध्याय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन जैव प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। बीएससी प्रथम वर्ष में अनिल को मिस्टर फ्रेशर और नेहा चौधरी को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, एमएससी प्रथम सेमेस्टर में सलोनी भाटी और तमन्ना ने मिस फ्रेशर का खिताब हासिल किया। खिताबों की घोषणा होते ही विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। साथियों ने विजेताओं का तालियों के साथ स्वागत किया।
नितिन और वंशिका को मिला फेयरवेल का खिताब
अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बीएससी तृतीय वर्ष में नितिन को मिस्टर फेयरवेल और वंशिका रावत को मिस फेयरवेल चुना गया। वहीं, एमएससी तृतीय सेमेस्टर में नेहा अनवर और नेहा पाल को मिस फेयरवेल का खिताब प्रदान किया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, प्रतिभा और प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें विभिन्न विशेष उपाधियों से भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया। रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का परिचय दिया। वहीं, विदाई के क्षणों में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने संस्थान में बिताए समय और साथियों के साथ जुड़ी यादों को साझा किया। समारोह का समापन संगीत, नृत्य और भावुक विदाई के साथ हुआ। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों को संस्थान के माहौल से जुडऩे का अवसर दिया, जबकि विदा ले रहे विद्यार्थियों के लिए यह अपने शैक्षणिक जीवन की यादों को संजोने का खास पल बना।

















