रोजगार मेले में क्यूआर कोड से युवा कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

-100 से अधिक कंपनियों द्वारा लगभग 15 हजार रिक्तियों के साथ करेगी प्रतिभाग

गाजियाबाद। युवा रोजगार मेले में युवा अब क्यूआर कोड से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने जनपद में आयोजित होने वाले ऋण मेला, रोजगार मेला एवं स्मार्टफोन-टैबलेट वितरण कार्यक्रम के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि क्यूआर कोड के माध्यम से युवा रोजगार मेले में अब रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में ऋण मेला,रोजगार मेला एवं स्मार्टफोन-टैबलेट वितरण का कार्यक्रम होना संभावित है। इस कार्यक्रम की सुदृढ़ तरीके से व्यवस्था कराते हुए अधिकारियों को नियत संख्या में कॉलेज का नोडल एवं कोऑर्डिनेटर बनाकर डिवाइस वितरण की व्यवस्था कराई जाए। ताकि वितरण कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जनपद में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाना है। जिसमें 100 से अधिक कंपनियों द्वारा लगभग 15 हजार रिक्तियों के साथ प्रतिभाग करेंगी। रोजगार मेले मे प्रतिभाग करने वाले युवाओं के रजिस्ट्रेशन के लिए जनपद में हर जगह पर क्यूआर कोड लगाए जाए। जिससे कि युवाओं को रजिस्ट्रेशन में सुविधा हो और ज्यादा से ज्यादा युवाओं का रजिस्ट्रेशन कराया जा सकें। इसमें शामिल होने वाली कंपनियों के श्रेणीवार स्टॉल लगाए जाए,ताकि कंपनी एवं युवाओं को साक्षात्कार के समय किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यक्रम में ऋण वितरण के लिए बैकों की तरफ  से स्टॉल लगाकर अधिक से अधिक लाभार्थी को उनकी आवश्यकता के अनुसार लोन वितरण का लाभ दिलाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चंद राय, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र श्रीनाथ पासवान, लीड बैंक मैनेजर बुद्वराम आदि अधिकारी उपस्थित रहे।