मुरैना में सेहत का महाकैंप, एक हजार लोगों ने कराई जांच; विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिया स्वास्थ्य का मंत्र

-शारदाकेयर हेल्थसिटी और रोटरी क्लब चंबल के शिविर में कैंसर, हृदय, किडनी समेत कई रोगों की हुई नि:शुल्क जांच
-एक ही छत के नीचे मिले विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दी सलाह
-रक्तचाप, रक्त शर्करा, ईसीजी, हड्डियों की घनत्व जांच समेत कई सुविधाओं का लोगों ने उठाया लाभ

उदय भूमि संवाददाता
मुरैना। शारदाकेयर हेल्थसिटी एवं रोटरी क्लब चंबल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एमएस रोड स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 परिसर में मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में मुरैना और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में करीब एक हजार लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य जांचों और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई। अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और उन्हें आवश्यक जांच, उपचार तथा बचाव के संबंध में जानकारी दी। शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान करना और लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में रक्त में शर्करा, हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, हृदय की विद्युत गतिविधि की जांच, हड्डियों की घनत्व जांच, नसों की कार्यक्षमता की जांच तथा फेफड़ों की कार्यक्षमता से संबंधित जांच जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। लोगों ने अपनी रिपोर्ट के आधार पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श भी लिया। शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे लोगों ने आयोजन की सराहना की। लोगों ने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और कई महत्वपूर्ण जांचों की सुविधा मिलने से उन्हें काफी लाभ हुआ।

विशेष रूप से ग्रामीण और सामान्य परिवारों से आने वाले लोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों तक पहुंच और नि:शुल्क जांच की सुविधा उपयोगी साबित हुई। शारदाकेयर हेल्थसिटी और रोटरी क्लब चंबल की ओर से कहा गया कि स्वास्थ्य जागरूकता और समय पर बीमारी की पहचान को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे। दोनों संस्थाओं ने अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई। मेगा स्वास्थ्य शिविर ने आमजन को यह संदेश दिया कि बीमारी का इंतजार करने के बजाय समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह लेकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाना जरूरी है।

कैंसर की समय पर जांच पर जोर
शिविर में शारदाकेयर हेल्थसिटी के क्लिनिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के निदेशक एवं प्रमुख डॉ. अनिल ठाकवानी ने कैंसर से जुड़ी समस्याओं, जांच और उपचार के संबंध में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान होने से उपचार की दिशा में बेहतर अवसर मिल सकते हैं। लोगों को शरीर में दिखाई देने वाले असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए। सर्जिकल

ऑन्कोलॉजी विभाग के वरिष्ठ परामर्शदाता एवं यूनिट प्रमुख डॉ. हेमकांत वर्मा ने स्तन, छाती और अन्य प्रकार के कैंसर से संबंधित समस्याओं पर लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान होने से उपचार की प्रक्रिया को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है। इस दौरान शारदा केयर हेल्थसिटी एवं शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के निदेशक सेल्स एवं मार्केटिंग गौरव पांडेय मौजूद रहे।

किडनी और हृदय रोगों को लेकर किया जागरूक
किडनी से जुड़ी समस्याओं को लेकर किडनी प्रत्यारोपण विभाग के निदेशक डॉ. अनिल शर्मा और डॉ. अहमद कामाल ने लोगों को परामर्श दिया। उन्होंने किडनी की कार्यक्षमता कम होने, किडनी में पथरी और मूत्र संबंधी विभिन्न समस्याओं के बारे में जानकारी दी। वहीं नेफ्रोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. कुणाल राज गांधी ने लंबे समय से चलने वाले किडनी रोग, अचानक किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं से बचाव के लिए नियमित जांच

की आवश्यकता बताई। हृदय संबंधी समस्याओं के लिए कार्डियक साइंसेज विभाग के एसोसिएट कंसल्टेंट डॉ. प्रवीण रमन मिश्रा ने लोगों को परामर्श दिया। उन्होंने हृदय रोग, रक्तचाप, हृदय की आवश्यक जांच और एंजियोप्लास्टी से जुड़े सवालों का जवाब दिया। चिकित्सकों ने विशेष रूप से रक्तचाप और अन्य स्वास्थ्य संकेतकों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी।

बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष जागरूकता दिखाई गई। जेरियाट्रिक मेडिसिन के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. विजय कुमार ने बुजुर्गों में होने वाली उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, कब्ज, हड्डियों की कमजोरी, हड्डी टूटने से बचाव, स्मरण शक्ति और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उम्र बढऩे के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित भोजन और सक्रिय जीवनशैली को अपनाना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे लोगों को बताया कि कई गंभीर बीमारियां शुरुआती चरण में स्पष्ट लक्षण नहीं देतीं।

ऐसे में केवल बीमारी के लक्षण दिखाई देने का इंतजार करने के बजाय समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना जरूरी है। चिकित्सकों ने संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम, पर्याप्त आराम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी को लंबे समय तक नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।