‘एक पेड़ अपने माता-पिता के नाम’ से गाजियाबाद में हरियाली का संकल्प, दो दिन में रोपे 100 से अधिक पौधे

  • कलाधाम पार्क से पटेल नगर तक चला पौधारोपण अभियान, फलदार-छायादार पौधों के साथ बेलपत्र, शमी और आंवला भी लगाए
  • पर्यावरण संरक्षण को धार्मिक आस्था से जोड़ा, श्रावण के अंतिम सोमवार पर मंत्रोच्चारण के बीच हुआ पौधारोपण
  • पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल का भी लिया संकल्प, पंजाबी एकता समिति ने लोगों से अभियान से जुडऩे की अपील की

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंजाबी एकता समिति (रजि.) की ओर से इस वर्ष भी पौधारोपण अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया गया। समिति द्वारा चलाए जा रहे  ‘एक पेड़ अपने माता-पिता के नाम’ अभियान के तहत रविवार को कवि नगर के डी-ब्लॉक स्थित कलाधाम पार्क में करीब 70 से 80 फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। इसके बाद 24 अगस्त को श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर पटेल नगर प्रथम स्थित श्री गणेश मंदिर और आसपास के विभिन्न पार्कों में बेलपत्र, शमी और आंवला के करीब 30 पौधे लगाए गए। दो दिनों में 100 से अधिक पौधे लगाकर समिति ने पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को भी अभियान से जोड़ा। कार्यक्रम में पटेल नगर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी कालीचरण गुप्ता, तरुण नारंग, जेपी कौशिक और एसके शर्मा सहित पटेल नगर के अनेक निवासी उपस्थित रहे।

स्थानीय लोगों ने पंजाबी एकता समिति की ओर से वातावरण को स्वच्छ और शुद्ध बनाए रखने के लिए किए जा रहे पौधारोपण अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली के बीच इस तरह के अभियान बेहद जरूरी हैं। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि  ‘एक पेड़ अपने माता-पिता के नाम’ अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों को पेड़ों के साथ भावनात्मक रूप से जोड़कर उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी उठाए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भविष्य में भी पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में समिति को सहयोग देने का संकल्प लिया। समिति ने आने वाले समय में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण अभियान को जारी रखने की बात कही।

कलाधाम पार्क में 70 से 80 फलदार और छायादार पौधे रोपे
पंजाबी एकता समिति द्वारा पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।  ‘एक पेड़ अपने माता-पिता के नाम’ अभियान के अंतर्गत कलाधाम पार्क में फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में पार्क में घूमने आने वाले शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने समिति के प्रयास की सराहना की। लोगों ने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।

इस दौरान कई स्थानीय नागरिकों ने लगाए गए पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कपूर, राष्ट्रीय महामंत्री अशोक अजमानी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नरेश कपूर, राष्ट्रीय समन्वयक शिवनंदन कपूर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव खन्ना, अश्विनी तनेजा, संजीव अजमानी, तरुण चितकारा, अनिल तनेजा, संजय बाटला, नरेंद्र तरीका, संस्थापक राकेश बाटला, श्याम एवं रमेश सहगल सहित कई गणमान्य उद्योगपति और शहरवासी मौजूद रहे।

श्रावण के अंतिम सोमवार पर लगाए बेलपत्र, शमी और आंवला के पौधे
समिति ने अपने अभियान को एक दिन बाद भी जारी रखा। 24 अगस्त को श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर पटेल नगर प्रथम स्थित श्री गणेश मंदिर और विभिन्न पार्कों में करीब 30 पौधे लगाए गए। इनमें बेलपत्र, शमी और आंवला के पौधे प्रमुख रूप से शामिल रहे। पौधारोपण कार्यक्रम कथा व्यास श्री विष्णु दत्त सरस की मौजूदगी में मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक वातावरण के बीच पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर पंजाबी एकता समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कपूर, राष्ट्रीय महामंत्री अशोक अजमानी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नरेश कपूर, प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय समन्वयक शिवनंदन कपूर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव खन्ना, अश्विनी तनेजा, पूर्व पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा की श्रीमती साक्षी नारंग सहित अनेक लोग मौजूद रहे। श्री गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी पवन मिश्रा और पुजारी संतोष शुक्ला ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।