- उद्यमियों की समस्याएं सुन जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
- अतिक्रमण दोबारा हुआ तो तय होगी पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही, अवैध निर्माण पर भी होगी कार्रवाई
- सड़कों के पुनर्निर्माण की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश, कूड़ा स्थल की समस्या का होगा स्थायी समाधान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ उद्यमियों की समस्याएं सीधे सुनीं। मौके पर सामने आई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उद्यमियों ने बृज विहार पुलिया के निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण, अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जे, क्षतिग्रस्त सड़कों, सड़क पुनर्निर्माण, यदु गैस एजेंसी के समीप अवैध रूप से बनी दुकान और नगर निगम के कूड़ा स्थल से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। बृज विहार पुलिया के निर्माणाधीन कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से कार्य पूरा होने की समयसीमा पूछी। अधिकारी ने बताया कि पुलिया का शेष कार्य 15 दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और तय समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की स्थिति का भी जायजा लिया। जिन सड़कों का पुनर्निर्माण जरूरी है, उनके लिए उच्चाधिकारियों से समन्वय कर जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए। औद्योगिक क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने एसडीएम, पुलिस विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद यदि दोबारा अवैध कब्जा किया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि दोबारा अतिक्रमण होने की स्थिति में संबंधित क्षेत्र के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। यदु गैस एजेंसी के समीप अवैध रूप से निर्मित दुकान के मामले में भी नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम के कूड़ा स्थल से संबंधित समस्या पर जिलाधिकारी ने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि नगर निगम के अधिकारियों से वार्ता कर इसका स्थायी समाधान कराया जाएगा। जिलाधिकारी के स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्याएं सुनने और तत्काल अधिकारियों को निर्देश देने से उद्यमियों में उत्साह दिखाई दिया। उद्यमियों ने कहा कि स्थलीय निरीक्षण से उन्हें लंबे समय से लंबित समस्याओं के जल्द समाधान की उम्मीद जगी है। उन्होंने जिलाधिकारी की पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।















