उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बन रहा 45 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) दिसंबर तक शुरू करने की तैयारी है। परियोजना का करीब 90 फीसदी सिविल कार्य पूरा हो चुका है, जबकि संयंत्र में मशीनरी लगाने का काम भी लगभग 60 फीसदी पूरा हो गया है। प्राधिकरण का दावा है कि एसटीपी के संचालन में आने के बाद क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो और सड़कों पर गंदा पानी बहने की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
यह ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बनने वाला दूसरा एसटीपी होगा। आधुनिक तकनीक से तैयार किए जा रहे इस प्लांट पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य के साथ मशीनरी लगाने और विद्युत संबंधी काम पूरा करने के बाद नवंबर-दिसंबर में इसका संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव के अनुसार, एसटीपी का 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और मशीनरी लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है। कार्यदायी संस्था को प्लांट के निर्माण के साथ अगले 10 वर्षों तक इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी गई है।
नॉलेज पार्क-5 में 80 एमएलडी एसटीपी की तैयारी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए 80 एमएलडी क्षमता के एक और एसटीपी की योजना पर भी काम चल रहा है। इसके लिए नॉलेज पार्क-5 में जमीन चिन्हित की गई है। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है और इसकी तकनीकी जांच आईआईटी से कराई जा रही है। प्राधिकरण की योजना आने वाले वर्षों में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने की है। घरों और औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले दूषित पानी का शत-प्रतिशत शोधन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी योजना के तहत शहर में एसटीपी की संख्या बढ़ाकर 10 से अधिक करने की तैयारी है।
हिंडन किनारे बनेगा डिस्पोजल चैनल
अधिकारियों के मुताबिक 45 एमएलडी एसटीपी से शोधित पानी के लिए डिस्पोजल चैनल हिंडन नदी के किनारे बनाया जाएगा। प्लांट में सौर ऊर्जा का भी इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे बिजली की खपत कम करने में मदद मिलेगी। प्राधिकरण शोधित सीवरेज के पानी को दोबारा उपयोग में लाने की दिशा में भी काम कर रहा है। वर्तमान में ग्रेटर नोएडा में चार एसटीपी संचालित हैं। इनमें बादलपुर में 2 एमएलडी, कासना में 137 एमएलडी, ईकोटेक-2 में 15 एमएलडी और ईकोटेक-3 में 20 एमएलडी क्षमता के संयंत्र शामिल हैं।इसके अलावा नॉलेज पार्क-5 में 50 एमएलडी और सेक्टर आईटी सिटी में 12 एमएलडी क्षमता के एसटीपी बनाने की भी योजना है।

सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में निर्माणाधीन 45 एमएलडी एसटीपी का काम तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। आधुनिक तकनीक पर आधारित इस संयंत्र के शुरू होने से सीवर व्यवस्था बेहतर होगी और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
















