युवाओं को वेपिंग के जाल से बचाने की मुहिम तेज, डॉ. नीति तोमर ने राष्ट्रपति के सुरक्षा अधिकारी जीतेन्द्रमणि त्रिपाठी से की मुलाकात

  • मदर्स अगेंस्ट वेपिंग संस्था के जरिए युवाओं को नशे के नुकसान के प्रति किया जा रहा जागरूक
  • पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर, अभिभावकों की भूमिका भी अहम
  • बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता और निगरानी दोनों जरूरी

उदय भूमि संवाददाता
नई दिल्ली। युवाओं और खासकर स्कूली बच्चों में बढ़ती वेपिंग की प्रवृत्ति के खिलाफ मदर्स अगेंस्ट वेपिंग द्वारा जागरूकता अभियान को तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में उदय भूमि की प्रबंध संपादक एवं मदर्स अगेंस्ट वेपिंग की सदस्य डॉ. नीति तोमर ने राष्ट्रपति के सुरक्षा अधिकारी (आईपीएस) जीतेन्द्रमणि त्रिपाठी से मुलाकात कर युवाओं में बढ़ती वेपिंग की प्रवृत्ति पर चर्चा की। डॉ. नीति तोमर ने कहा कि आज वेपिंग को लेकर युवाओं में कई तरह की भ्रांतियां हैं। विशेषकर स्कूली उम्र के बच्चों तक इसकी पहुंच चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों, स्कूलों, सामाजिक संगठनों और पुलिस-प्रशासन को मिलकर बच्चों को इसके खतरों के प्रति जागरूक करना होगा। केवल कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है, इसके लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाना भी जरूरी है।

डॉ. नीति तोमर ने कहा कि मदर्स अगेंस्ट वेपिंग संस्था का उद्देश्य अभिभावकों और युवाओं को वेपिंग के संभावित नुकसान के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों में किसी भी प्रकार के नशे की शुरुआत को समय रहते रोकना जरूरी है। इसके लिए माता-पिता को बच्चों के व्यवहार और उनकी संगत पर ध्यान देने के साथ उनसे खुलकर संवाद करना चाहिए। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आईपीएस जीतेन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इसके लिए अभिभावकों के साथ स्कूलों और सामाजिक संगठनों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं में जागरूकता बढ़ाने वाले अभियानों को सहयोग और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। जीतेन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि बच्चों को नशे से बचाने के लिए जागरूकता के साथ-साथ अभिभावकों और संबंधित संस्थाओं को सतर्क रहना होगा। मुलाकात के दौरान युवाओं को नशे से दूर रखने और जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।