तीन अग्निकांड, आठ घंटे का संघर्ष… आग के आगे नहीं झुकी गाजियाबाद की फायर ब्रिगेड

  • लोनी के बाजार में संकरी गलियों के बीच 10 हौज पाइप लाइन बिछाकर बुझाई कपड़े की दुकान की आग
  • श्याम इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में भूतल और पहली मंजिल तक पहुंच गई थीं लपटें
  • पुरसी के मेडिकल वेस्ट गोदाम में आठ घंटे चला अभियान, सीएफओ सौरभ कुमार सिंह के निर्देशन में टीम ने पाया काबू

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली के आसपास अग्नि दुर्घटनाओं की चुनौती के बीच गाजियाबाद अग्निशमन विभाग की टीम ने एक बार फिर अपनी तत्परता, साहस और कार्यकुशलता का परिचय दिया। शनिवार रात से रविवार तड़के तक लोनी और मुरादनगर क्षेत्र में आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाओं ने दमकल विभाग की सक्रियता की परीक्षा ली। कहीं संकरी गलियों में फायर टेंडर पहुंचने की चुनौती थी तो कहीं प्लास्टिक मेडिकल वेस्ट के गोदाम में उठती भीषण लपटों पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। लेकिन मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के निर्देशन में दमकलकर्मियों ने लगातार मोर्चा संभाले रखा। फायर टीम ने लोनी मेन बाजार की कपड़े की दुकान, श्याम इंडस्ट्रियल एरिया की इलेक्ट्रिकल सामान बनाने वाली फैक्ट्री और मुरादनगर के ग्राम पुरसी स्थित मेडिकल वेस्ट गोदाम में लगी आग को बुझाकर बड़ी क्षति की आशंका टाल दी।

तीनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम में खड़ी एक बाइक पूरी तरह जल गई। पहली घटना शनिवार रात 10:06 बजे लोनी मेन बाजार की है। यहां दो मंजिला भवन के प्रथम तल पर स्थित माहिरा गारमेंट्स नामक कपड़े की दुकान में आग लगने की सूचना लोनी फायर स्टेशन को मिली। सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। दुकान तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा होने के कारण दमकल वाहन गली में कुछ दूरी पर ही रुक गए। इसके बाद फायरकर्मियों ने करीब 10 हौज पाइप की लाइन बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की लपटों को नियंत्रित करने के बाद दुकान के दोनों हिस्सों में रखे कपड़ों के बंडलों में सुलग रही आग को भी लोनी फायर स्टेशन के तीन फायर टेंडरों की मदद से पूरी तरह बुझाया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह को तत्काल सूचना दी गई थी। एहतियातन साहिबाबाद से भी फायर टेंडर रवाना किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने तीनों घटनाओं में दमकलकर्मियों की तत्परता, साहस और समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर टीमों को बिना देरी किए घटनास्थल पर रवाना किया गया। संकरे रास्तों और आग की विकराल स्थिति के बावजूद कर्मचारियों ने सूझबूझ और पूरी जिम्मेदारी के साथ अग्निशमन कार्य किया। उन्होंने कहा कि फायरकर्मियों ने लगातार कई घंटे तक कठिन परिस्थितियों में काम करते हुए आग को फैलने से रोका और तीनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने दी। स्थानीय पुलिस ने भी भीड़ नियंत्रित करने और दमकल टीमों को रास्ता उपलब्ध कराने में पूरा सहयोग किया। सीएफओ ने कहा कि अग्निशमन विभाग की प्राथमिकता हर परिस्थिति में लोगों की जान-माल की सुरक्षा करना है।

एक आग बुझाकर दूसरी फैक्ट्री की ओर दौड़ी टीम, रातभर जारी रहा अभियान
कपड़े की दुकान की आग पर काबू पाने के बाद रात 11:56 बजे श्याम इंडस्ट्रियल एरिया में बंथला फ्लाईओवर के पास विदिशा एंटरप्राइजेज नामक इलेक्ट्रिकल सामान बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। साहिबाबाद से पहुंचे फायर टेंडर को तत्काल इस घटना की ओर रवाना कर दिया गया। तीन मंजिला भवन के भूतल और प्रथम तल पर आग फैल चुकी थी। फैक्ट्री में बल्ब होल्डर, स्विच सहित बिजली के उपकरण बनाए जाते थे।

दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाना शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर अतिरिक्त फायर टेंडर भी रवाना किया गया। लोनी फायर स्टेशन के दो अन्य फायर टेंडर रूपनगर कस्बा पुलिस चौकी के पास स्थित हाइड्रेंट से पानी भरकर घटनास्थल पहुंचे। सभी टीमों के संयुक्त प्रयास से रविवार रात 1 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई। इस घटना में भी कोई घायल नहीं हुआ।

पुरसी में मेडिकल वेस्ट गोदाम बना चुनौती, आठ घंटे की मशक्कत के बाद मिली सफलता
तीसरी घटना शनिवार रात 9:45 बजे मुरादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरसी की है। यहां एक बड़े प्लॉट में बने प्लास्टिक मेडिकल वेस्ट के गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही मोदीनगर फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए। घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण दमकल वाहनों को दूर खड़ा करना पड़ा। इसके बाद आठ हौज पाइप लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। गोदाम की पिछली दीवार को हथौड़े की मदद से तोड़कर दो अलग-अलग लाइनों से पानी डालना शुरू किया गया।

प्लास्टिक मेडिकल वेस्ट होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी और लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं। स्थिति की गंभीरता देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने कोतवाली फायर स्टेशन से वाटर बाउजर रवाना कराया। आग के अंदर तक सुलग रहे प्लास्टिक कचरे को बुझाने के लिए जेसीबी मशीन भी बुलाई गई। मशीन से कचरे को कुरेद-कुरेदकर दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान जारी रखा। करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक हीरो एचएफ डीलक्स बाइक पूरी तरह जल गई। मौके पर गोदाम मालिक अयूब, स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौजूद रहे। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।