- बिना लाइसेंस जाम छलकाने की तैयारी पर फिरा पानी, पार्टी शुरू होने से पहले ही संचालक पहुंचे हवालात
- ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नए रेस्टोरेंट से लेकर सेक्टर-43 के मकान तक आबकारी टीम की दबिश, 45 हजार की शराब बरामद
- जिला आबकारी अधिकारी की दो टूक- त्योहार में बिना अनुमति शराब परोसने वालों को नहीं मिलेगी कोई रियायत, बार-होटल और रेस्टोरेंट पर बढ़ाई निगरानी
उदय भूमि संवाददाता
एनसीआर/नोएडा। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शराब पार्टियों का दौर शुरू होने लगा है। कहीं निजी आयोजन के नाम पर जाम छलकाने की तैयारी है तो कहीं रेस्टोरेंट और होटलों में बिना अनुमति शराब परोसने की योजना बनाई जा रही है। लेकिन इस बार आबकारी विभाग ने भी ऐसे आयोजनों पर शिकंजा कसने की पूरी तैयारी कर ली है। त्योहार से पहले ही विभाग ने अवैध शराब की बिक्री और बिना लाइसेंस शराब पार्टियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की दो अलग-अलग टीमों ने छापेमारी कर अवैध रूप से शराब परोसने वाली दो पार्टियों का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों स्थानों से करीब 45 हजार रुपये कीमत की विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई है। खास बात यह है कि एक कार्रवाई ग्रेटर नोएडा वेस्ट के उस रेस्टोरेंट में हुई, जो कुछ दिन पहले ही शुरू हुआ था। रेस्टोरेंट में कारोबार की शुरुआत के साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब पार्टी की तैयारी पर ताला लगा दिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई नोएडा के सेक्टर-43 स्थित एक मकान में की गई, जहां निजी पार्टी के नाम पर बिना इवेंट बार लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी। विभाग की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि दीपावली के दौरान नियमों को ताक पर रखकर शराब परोसने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि दीपावली के मद्देनजर जिले में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और बिना अनुमति शराब परोसने वालों के खिलाफ विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी आबकारी निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें और बार, होटल, रेस्टोरेंट तथा ढाबों की नियमित जांच सुनिश्चित करें। किसी भी स्थान पर बिना लाइसेंस शराब पार्टी का आयोजन नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इवेंट बार लाइसेंस एफएल-11 के बिना किसी भी आयोजन में शराब परोसना नियमों का उल्लंघन है। चाहे आयोजन किसी रेस्टोरेंट में हो या किसी निजी परिसर में, निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। विभाग की टीमें मुखबिर तंत्र के माध्यम से भी ऐसी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आबकारी विभाग की लगातार हो रही छापेमारी से उन लोगों में हड़कंप है, जो त्योहार की आड़ में बिना अनुमति शराब पार्टियों का आयोजन कर मोटी कमाई करने की तैयारी में थे। विभाग की इन कार्रवाइयों से साफ है कि इस बार दीपावली पर जाम छलकाने से पहले लाइसेंस और नियमों का हिसाब देना होगा।

नए रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस चल रही थी शराब पार्टी
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही होटल, बार, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। शनिवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि द रॉयल स्पाइस रेस्टोरेंट, रेडिकॉन वेदान्तम कॉमर्शियल, सेक्टर-16सी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शराब पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट संचालक ने शराब पार्टी के आयोजन के लिए आबकारी विभाग से एफएल-11 इवेंट बार लाइसेंस नहीं लिया था। इसके बावजूद वहां अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी।
टीम ने मौके से रेस्टोरेंट मैनेजर तेजस्वा कावरा पुत्र मनीष कुमार, मालिक महेश कुमार पुत्र चन्देश्वर पंडित और सोनू गांधी पुत्र सतीश गांधी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने 48 कैन बीयर, प्रत्येक 500 एमएल, कुल 24 बल्क लीटर तथा उत्तर प्रदेश मार्क की विदेशी मदिरा की 26 बोतलें बरामद कीं। इनकी कुल मात्रा 5.265 बल्क लीटर बताई गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना बिसरख में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित रेस्टोरेंट कुछ दिन पहले ही शुरू हुआ था। जांच में पता चला कि आरोपी रेस्टोरेंट से अवैध रुप से शराब की ऑन डिमांड बिक्री करते थे। फोन पर ऑर्डर मिलने पर उसे रेस्टोरेंट बुलाते थे और वहीं से ग्राहकों को शराब बेचते थे।
सेक्टर-43 के विला में भी चल रही थी शराब पार्टी
दूसरी कार्रवाई में आबकारी विभाग की टीम ने नोएडा के सेक्टर-43 स्थित सी-106, सेक्टर विला में दबिश दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी निरीक्षक संजय चंद्रा और अखिलेश बिहारी वर्मा की टीम ने थाना सेक्टर-39 पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। यहां भी बिना एफएल-11 इवेंट बार लाइसेंस के शराब पार्टी आयोजित की जा रही थी। टीम ने मौके से पार्टी संचालक कृतेश सिंह पुत्र शैलेन्द्र प्रताप सिंह निवासी गोरखपुर, शिखर सक्सेना पुत्र सत्येंद्र कुमार सक्सेना निवासी कानपुर नगर और आयुष चौरसिया पुत्र दिनेश चौरसिया निवासी कानपुर नगर को गिरफ्तार किया। मौके से विदेशी मदिरा की कुल 13 बोतलें बरामद की गईं।
इनमें सिमरन ऑफ जामुन, सिमरन ऑफ वोडका, मैजिक मूमेंट वोडका, टैनक्वेरे लंदन ड्राई जिन, गोल्फर शॉर्ट व्हिस्की, बकार्डी मैंगो चिली, जगर्मास्टर, ब्रदर्स एंड कंपनी व्हिस्की और सुला वाइन सहित अन्य ब्रांड शामिल थे। इसके अलावा बकार्डी लिमन, बकार्डी मैंगो चिली और डेवर्स व्हाइट लेबल की हाफ बोतलें भी बरामद हुईं। बरामद सभी बोतलों पर ‘फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश ओनली’ अंकित था। शराब की कुल मात्रा 4.55 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।

















