- हर बच्चे में छिपी है असीम प्रतिभा, सही मार्गदर्शन से निखरेगी क्षमता: पूनम गौतम
- बचपन में खुशियों के रंग भरना जरूरी, खेल और सीख से निखरेगा बच्चों का व्यक्तित्व: तनुजा
- गौतम पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने खेल गतिविधियों में लिया हिस्सा
- नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के दांतों की हुई जांच, स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित गौतम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को बाल दिवस महोत्सव हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी, खेलकूद और रंगारंग गतिविधियों से गुलजार रहा। विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, चाचा नेहरू की वेशभूषा में पहुंचे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष दंत जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के दांतों की जांच की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम गौतम, निदेशक आशीष गौतम, उपप्रधानाचार्या तनुजा और एकेडमिक हेड चेतन शर्मा के मार्गदर्शन एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ। समारोह में बच्चों को बाल दिवस के महत्व से परिचित कराते हुए बताया गया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बेहद स्नेह करते थे।
बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर पालन-पोषण, शिक्षा तथा संस्कारों पर ही राष्ट्र की प्रगति निर्भर करती है। इसी भावना के साथ विद्यालय में यह दिन पूरी तरह बच्चों को समर्पित रहा। बाल दिवस पर नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनमें टीम भावना, अनुशासन, सहयोग तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

समारोह का खास आकर्षण चाचा नेहरू की वेशभूषा में पहुंचे छोटे बच्चे रहे। नन्हे विद्यार्थियों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की तरह कोट पहना और उसमें लाल गुलाब लगाया हुआ था। उनकी मासूम मुस्कान और आकर्षक वेशभूषा ने सभी का ध्यान खींचा। बच्चों ने अपने अंदाज में चाचा नेहरू के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। उनकी इस प्रस्तुति ने समारोह में विशेष रंग भर दिया। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय परिसर में मेगा दंत स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों के दांतों की जांच की गई। शिविर के माध्यम से बच्चों को दांतों की नियमित सफाई, मौखिक स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना उनके सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। स्वस्थ बच्चे ही बेहतर ढंग से सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने में सक्षम होते हैं। प्रधानाचार्या पूनम गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह बच्चों के प्रति अपने प्रेम, जिम्मेदारी और उनके उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को दोहराने का दिन भी है। प्रत्येक बच्चे में असीम प्रतिभा और संभावनाएं छिपी होती हैं। जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सकारात्मक वातावरण देने की है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलकूद, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के निदेशक आशीष गौतम ने कहा कि बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। आज के बच्चे ही भविष्य में जिम्मेदार नागरिक, कुशल नेतृत्वकर्ता और राष्ट्र निर्माता बनेंगे। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों को सीखने का अवसर देते हैं। उपप्रधानाचार्या तनुजा ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों का बचपन खुशियों, सीखने के अवसरों और सकारात्मक अनुभवों से भरा होना चाहिए।
वहीं, एकेडमिक हेड चेतन शर्मा ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियां और स्वास्थ्य जागरूकता भी शिक्षा का अभिन्न हिस्सा हैं। इनसे बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक गुणों का विकास होता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों के दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाया और पूरे आयोजन को आनंदमय बनाने में सहयोग किया। विद्यालय परिसर में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। समारोह का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

















