- नगर आयुक्त ने पहली ही संभव जनसुनवाई में दिखाई सख्त कार्यशैली, 16 शिकायतों पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
- पांच साल के सभी एग्रीमेंट तलब, निगम की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की करेंगे समीक्षा
- सर्वोदय नगर के फरियादी की पीड़ा सुन भावुक हुए नगर आयुक्त, मकान के साथ नौकरी दिलाने का दिया भरोसा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त बनाने और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर नवनियुक्त नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अपनी सख्त कार्यशैली के संकेत देने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को निगम मुख्यालय में आयोजित संभव जनसुनवाई में पहली बार शामिल हुए नगर आयुक्त ने न केवल फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक शिकायत के समाधान के बाद संबंधित फरियादी से अनिवार्य रूप से फीडबैक लिया जाए। उन्होंने संभव दिवस के अलावा अन्य दिनों में प्राप्त होने वाले शिकायत पत्रों को भी सूचीबद्ध कर पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी शिकायत को नजरअंदाज न किया जा सके। सुबह दस बजे से शुरू हुई जनसुनवाई में नगर आयुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान कुल 16 संदर्भ प्राप्त हुए। इनमें निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग से चार-चार, उद्यान विभाग से दो, प्रकाश विभाग से दो, जलकल विभाग से दो, कर विभाग से एक और संपत्ति विभाग से एक शिकायत शामिल रही। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने और प्रत्येक मामले की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर नगर आयुक्त रेनू सिंह को संभव जनसुनवाई की पूरी कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए भी कहा। संभव जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त रेनू सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अनिरुद्ध सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत मिलने के बाद उसे संबंधित विभाग तक पहुंचाने भर से जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती। जब तक समस्या का वास्तविक समाधान नहीं होता और शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं होता, तब तक संबंधित विभाग को उसकी निगरानी करनी होगी। इसके साथ ही शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को गाजियाबाद के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। नगर आयुक्त ने लोगों से संवाद बनाए रखने और शहर के विकास में सहभागिता करने की अपील की। पहली ही संभव जनसुनवाई में पुराने अनुबंधों का रिकॉर्ड तलब करने, शिकायतों की निगरानी और फीडबैक अनिवार्य करने जैसे निर्देशों से उन्होंने साफ कर दिया कि नगर निगम में कामकाज के साथ अधिकारियों की जवाबदेही भी उनकी प्राथमिकता रहेगी।
अधिकारियों से मांगा पांच साल का हिसाब
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पदभार संभालने के बाद से ही नगर निगम की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं को समझने पर जोर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने पिछले पांच वर्षों के दौरान निगम में किए गए सभी प्रकार के एग्रीमेंट और अनुबंधों का रिकॉर्ड निकलवाने के निर्देश दिए हैं। वह यह जानना चाहते हैं कि पिछले वर्षों में किन कार्यों के लिए किस प्रकार के समझौते किए गए, उनकी शर्तें क्या हैं और उनसे नगर निगम तथा शहर के हितों को कितना लाभ मिला है। नगर आयुक्त के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारी पुराने अनुबंधों का रिकॉर्ड जुटाने में लग गए हैं। माना जा रहा है कि इन अनुबंधों की समीक्षा के माध्यम से निगम की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का आकलन किया जाएगा। उनका स्पष्ट जोर है कि नगर निगम में होने वाला प्रत्येक कार्य जनहित और पारदर्शिता की कसौटी पर खरा उतरना चाहिए।
फरियादी की पीड़ा सुन दिखाई संवेदनशीलता
जनसुनवाई के दौरान सर्वोदय नगर निवासी सुमित ने अपनी परेशानी नगर आयुक्त के सामने रखी। फरियादी की पीड़ा सुनकर नगर आयुक्त कुछ भावुक भी हो गए। उन्होंने उसे आश्वस्त किया कि मकान के साथ नौकरी दिलाने के मामले में भी जल्द सकारात्मक कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं विजय नगर से पहुंचे एक अन्य फरियादी की बात भी उन्होंने पूरी गंभीरता और धैर्य के साथ सुनी तथा उसकी मांग को जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया। जनसुनवाई के बीच स्वागत के लिए पहुंचे लोगों को भी नगर आयुक्त ने निराश नहीं किया। बुके स्वीकार करने के साथ ही उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से कहा कि शहर की समस्याओं से उन्हें लगातार अवगत कराते रहें, ताकि उनका समय रहते समाधान कराया जा सके।

















