निवेश बढ़ाने से लेकर अथॉरिटी को कर्जमुक्त करने तक कई मोर्चों पर किए महत्वपूर्ण काम, किसानों की समस्याओं के समाधान और शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर रहा विशेष फोकस
विजय मिश्र (उदय भूमि)
ग्रेटर नोएडा। किसी भी शहर के विकास में नेतृत्व की कार्यशैली और फैसले लेने की क्षमता की अहम भूमिका होती है। योजनाएं बनाना आसान है, लेकिन उन्हें धरातल पर उतारना और उनके परिणाम लोगों तक पहुंचाना बड़ी चुनौती होती है। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार का कार्यकाल इसी दिशा में किए गए प्रयासों के लिए चर्चा में रहा है। 2004 बैच के आईएएस अधिकारी एनजी रवि कुमार ने जुलाई 2023 में ग्रेनो अथॉरिटी की जिम्मेदारी संभालने के बाद शहर के विकास के साथ-साथ अथॉरिटी की आर्थिक स्थिति सुधारने, औद्योगिक निवेश बढ़ाने, किसानों की समस्याओं के समाधान और लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया। उनकी कार्यशैली में वित्तीय अनुशासन, योजनाओं की नियमित समीक्षा और निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू कराने पर जोर दिखाई देता है। अब वह यूपीसीडा में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
कर्ज उतारकर अथॉरिटी की आर्थिक सेहत सुधारी
एनजी रवि कुमार के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना शामिल है। एक समय अथॉरिटी पर कर्ज का बड़ा बोझ था। विकास कार्यों के साथ पुराने वित्तीय दायित्वों को पूरा करना भी बड़ी चुनौती थी। ऐसे में वित्तीय प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए कर्ज चुकाने की दिशा में काम किया गया। उनके नेतृत्व में अथॉरिटी ने अपना कर्ज उतारने में महत्वपूर्ण प्रगति की। इतना ही नहीं, अथॉरिटी ने एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की एफडी भी कराई। इससे प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और भविष्य की विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय आधार तैयार करने में मदद मिली। यह बदलाव बताता है कि विकास के लिए केवल बजट खर्च करना ही नहीं, बल्कि संस्थान की वित्तीय सेहत को मजबूत रखना भी जरूरी है।
गौड़ चौक अंडरपास को धरातल पर उतारकर दी जाम से राहत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौड़ चौक लंबे समय से जाम का बड़ा केंद्र बना हुआ था। सुबह और शाम के समय यहां वाहनों की लंबी कतारें लगती थीं। हजारों लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए अंडरपास निर्माण और आसपास की सड़कों के चौड़ीकरण की योजना को आगे बढ़ाया गया। गौड़ चौक अंडरपास को धरातल पर उतारना उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्धियों में गिना जाता है। इस परियोजना से यातायात को व्यवस्थित करने और वाहन चालकों को राहत देने में मदद मिली। अब इसी तर्ज पर राइज पुलिस चौकी, पंचमुखी हनुमान मंदिर गोल चक्कर और तिलपता गोल चक्कर जैसे अन्य जाम पॉइंट पर भी अंडरपास बनाने की योजना पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता, आबादी भूखंडों पर आगे बढ़े कदम
ग्रेटर नोएडा के विकास में किसानों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। जमीन अधिग्रहण, मुआवजा, छह प्रतिशत आबादी भूखंड और अन्य लंबित मामलों को लेकर किसानों की मांगें लंबे समय से सामने आती रही हैं। एनजी रवि कुमार ने इन मामलों को प्राथमिकता देते हुए समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर जोर दिया। गांवों में लंबित आबादी भूखंडों के आवंटन की दिशा में कदम उठाए गए। सिरसा और डाढ़ा गांव के 127 किसानों को नवंबर 2026 में भूखंड आवंटित किए जाने की जानकारी भी सामने आई। इसके साथ ही किसानों से जुड़े मामलों की समीक्षा और लंबित प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने पर ध्यान दिया गया। किसानों की समस्याओं का समाधान किसी भी औद्योगिक शहर के संतुलित विकास के लिए जरूरी है।
औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने पर जोर
ग्रेटर नोएडा की पहचान देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्रों में होती है। यहां नए उद्योगों की स्थापना, निवेशकों को जमीन उपलब्ध कराना और बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित करना अथॉरिटी की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। एनजी रवि कुमार के नेतृत्व में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दिया गया। जमीन अधिग्रहण और विकास कार्यों के लिए बजट में भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में जमीन अधिग्रहण के लिए करीब 1400 करोड़ रुपये और विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए करीब 1973 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। इससे औद्योगिक और शहरी विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिली।
अतिक्रमण हटाने और सरकारी जमीन सुरक्षित करने की पहल
शहर के नियोजित विकास के लिए सरकारी जमीन को अतिक्रमण से बचाना भी जरूरी है। इस दिशा में गांवों में जमीन का ऑडिट कराने और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया गया। बिसरख में करीब 25 हजार वर्गमीटर और तुगलपुर में करीब 40 हजार वर्गमीटर बाढ़ क्षेत्र की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। इससे सरकारी संपत्तियों को सुरक्षित रखने और भविष्य की योजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिली।
वित्तीय अनुशासन और विकास का संतुलन
एनजी रवि कुमार की कार्यशैली का एक महत्वपूर्ण पक्ष विकास और वित्तीय अनुशासन के बीच संतुलन बनाना है। एक तरफ अथॉरिटी के पुराने कर्ज को कम करने और एफडी के जरिए आर्थिक आधार मजबूत करने पर ध्यान दिया गया, वहीं दूसरी तरफ सड़कों, अंडरपास, औद्योगिक क्षेत्रों और नागरिक सुविधाओं के विकास को भी आगे बढ़ाया गया। परियोजनाओं की समीक्षा और विभागीय समन्वय के जरिए काम में तेजी लाने की कोशिश की गई।
आगे भी बड़ी उम्मीदें
ग्रेटर नोएडा तेजी से विस्तार कर रहा है। यहां औद्योगिक निवेश के साथ आबादी भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में ट्रैफिक जाम, जलभराव, पेयजल, सीवर, किसानों के लंबित मामले और बिल्डर-बायर्स की समस्याएं अभी भी बड़ी चुनौतियां हैं। एनजी रवि कुमार ने इस दिशा में तेजी से काम किया। इस तरह की पिच तैयार कर दी है कि आने वाले सीईओ को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। कुल मिलाकर, उनके कार्यकाल में ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की वित्तीय स्थिति सुधारने, निवेश को बढ़ावा देने, किसानों के मामलों को आगे बढ़ाने और शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हुए हैं। उनकी कार्यशैली में योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जमीन पर उतारने और संस्थान को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर नजर आता है। यही प्रयास ग्रेटर नोएडा को एक बेहतर औद्योगिक और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
————
झांसी से ग्रेटर नोएडा तक एनजी रवि कुमार का प्रशासनिक सफर
ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार का प्रशासनिक सफर काफी लंबा और विविधतापूर्ण रहा है। 2004 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी एनजी रवि कुमार मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले हैं। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री हासिल की है। प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी के रूप में काम किया। इसके अलावा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और केंद्र सरकार में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।
झांसी से शुरू हुआ प्रशासनिक सफर
एनजी रवि कुमार ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत झांसी में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में की थी। इसके बाद उन्हें आगरा में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की जिम्मेदारी मिली। शुरुआती दौर में ही उन्हें जिला प्रशासन और विकास योजनाओं को करीब से समझने का अवसर मिला। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अलग-अलग प्रशासनिक पदों पर काम किया।
कई महत्वपूर्ण जिलों में रहे जिलाधिकारी
एनजी रवि कुमार उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, आगरा, मथुरा, उन्नाव, फिरोजाबाद, अंबेडकरनगर और श्रावस्ती जैसे जिलों में जिलाधिकारी रह चुके हैं। 2012 में उन्होंने गोरखपुर के डीएम के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। इन जिलों में तैनाती के दौरान उनके कार्यक्षेत्र में कानून व्यवस्था, विकास योजनाओं का क्रियान्वयन, राजस्व प्रशासन और जनसमस्याओं का समाधान जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
केंद्र सरकार में भी निभाई जिम्मेदारी
उनका प्रशासनिक अनुभव केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने जल संसाधन, भारी उद्योग और नागरिक उड्डयन मंत्रालयों में मंत्रियों के निजी सचिव के रूप में काम किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती के निजी सचिव के रूप में भी उन्होंने सेवाएं दीं। केंद्र में काम करने के दौरान उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर नीतिगत और प्रशासनिक कार्यों का अनुभव मिला।
पर्यटन और ग्रामीण विकास विभाग में भी किया काम
राज्य सरकार में एनजी रवि कुमार ग्रामीण विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर भी रहे। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के निदेशक और पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक कार्य विभाग के सचिव के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इन पदों पर रहते हुए उनका काम पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े विभागीय प्रशासन से संबंधित रहा।
2021 में बने गोरखपुर मंडल के कमिश्नर
वर्ष 2021 में उन्हें गोरखपुर मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया। इस पद पर रहते हुए उन्होंने मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों के प्रशासनिक और विकास कार्यों की निगरानी की। मंडलायुक्त के रूप में कार्य करने के बाद जुलाई 2023 में उन्हें ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया था।

















