- ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए प्राधिकरण को मिला है 20 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य
- गोदरेज, हैवेल्स और डिक्सन टेक्नोलॉजी समेत कई बड़ी कंपनियों ने किए समझौते
- नवंबर के अंतिम सप्ताह में हो सकता है आयोजन, दो-तीन दिन में और बढ़ सकता है निवेश का आंकड़ा
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा में औद्योगिक और व्यावसायिक निवेश को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है। आगामी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के लिए नोएडा प्राधिकरण को 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 13,224 करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। यह निवेश इंडस्ट्री, इंस्टीट्यूशनल और कमर्शियल सेक्टर में प्रस्तावित है। अब तक कुल 27 कंपनियों के साथ एमओयू साइन किए जा चुके हैं। प्राधिकरण की कोशिश है कि जीबीसी से पहले निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया जाए। इसके लिए आने वाले दो से तीन दिनों में कुछ और बड़ी कंपनियों के साथ निवेश समझौते किए जाने की तैयारी है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, इस बार की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी नवंबर के आखिरी सप्ताह में आयोजित हो सकती है। हालांकि, अभी कार्यक्रम की तारीख को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। इसके साथ ही यह भी तय नहीं हुआ है कि जीबीसी का आयोजन लखनऊ में होगा या नोएडा में ही कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। फिलहाल प्राधिकरण स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और निवेश के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार कंपनियों और निवेशकों से संपर्क किया जा रहा है।
बड़ी कंपनियों ने दिखाई निवेश में रुचि
नोएडा प्राधिकरण के साथ अब तक 27 कंपनियों के निवेश प्रस्तावों को लेकर एमओयू साइन करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। इनमें रियल एस्टेट, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं। एमओयू करने वाली कंपनियों में एम3एम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, इंजिक्या, थीम काउंटी प्राइवेट लिमिटेड, गोदरेज प्रॉपर्टीज, हैवेल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, डिक्सन टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, यूफ्लेक्स लिमिटेड, डेसनेक कैपिटल इंडिया लिमिटेड और वेब वर्क इंडिया प्राइवेट लिमिटेड प्रमुख हैं।
प्राधिकरण का प्रयास है कि अधिक से अधिक निवेशकों को नोएडा में निवेश के लिए आकर्षित किया जाए। इसके लिए कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। जल्द ही निवेशकों के लिए सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नोएडा और प्राधिकरण क्षेत्र में उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं, आधारभूत ढांचे, कनेक्टिविटी और निवेश की संभावनाओं से कंपनियों को अवगत कराया जाएगा।
पिछली जीबीसी में 75,093 करोड़ के निवेश प्रस्ताव हुए थे शामिल
पिछले वर्ष आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी यानी जीबीसी-4 में भी नोएडा प्राधिकरण को बड़ा निवेश लक्ष्य दिया गया था। उस समय प्राधिकरण को 90 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य मिला था। इसके सापेक्ष 75,093 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल किया गया था। इस दौरान कुल 299 कंपनियों के साथ एमओयू साइन किए गए थे।
सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि अब इन निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में काम किया जा रहा है। परियोजनाओं के शुरू होने से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
नए निवेश के लिए लगातार संपर्क में प्राधिकरण
इस बार 20 हजार करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 13,224 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू हो चुके हैं। शेष लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्राधिकरण बड़े निवेशकों से बातचीत कर रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आगामी दो से तीन दिनों में कुछ और कंपनियों के साथ समझौते होने से निवेश का आंकड़ा बढ़ेगा। नवंबर के अंत में प्रस्तावित जीबीसी को लेकर अंतिम तैयारियां निवेश प्रस्तावों और कार्यक्रम की तारीख तय होने के बाद पूरी की जाएंगी।

















