- मतदाता खुद डालकर देखें मॉक वोट, वीवीपैट पर्ची से दूर करें हर शंका : रविंद्र कुमार मांदड़
- मतदाता खुद डाल सकेंगे मॉक वोट, वीवीपैट पर्ची से समझेंगे मतदान की प्रक्रिया
- मोबाइल वैन से गांवों और शहरों तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान, निर्वाचन की घोषणा तक चलेगा कार्यक्रम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को लेकर मतदाताओं की शंकाएं दूर करने और उन्हें मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए जिला प्रशासन 20 नवंबर से विशेष जागरूकता अभियान शुरू करने जा रहा है। इसके तहत जिले में चार स्थानों पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां मतदाता खुद मॉक वोट डालकर ईवीएम की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे और वीवीपैट की पर्ची देखकर यह जान सकेंगे कि उनके द्वारा चुने गए प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न किस तरह प्रदर्शित होता है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की तीनों तहसीलों में एक-एक तथा कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में एक ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया जाएगा।

इन केंद्रों का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। केंद्रों पर प्रशिक्षित एवं अधिकृत कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जो मतदाताओं को मशीनों की कार्यप्रणाली समझाने के साथ उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी करेंगे। केंद्रों के संचालन और व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। जागरूकता अभियान में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को निर्वाचन में उपयोग होने वाली मशीनों से अलग रखा जाए। मशीनों की पहचान, आवागमन और उपयोग का पूरा अभिलेख संधारित किया जाए। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था और मशीनों के व्यवस्थित प्रदर्शन के भी निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अभियान के उद्देश्य और कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उनसे सक्रिय सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं तक ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी जागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता करें और आमजन को इन केंद्रों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान केवल चार प्रदर्शन केंद्रों तक सीमित नहीं रहेगा। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल प्रदर्शन वैन के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर प्रचार सामग्री के जरिए लोगों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
यह अभियान निर्वाचन की घोषणा तक संचालित किया जाएगा। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने निर्वाचन कक्ष का निरीक्षण कर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के रखरखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने और 20 नवंबर को अभियान का शुभारंभ सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी डीईओ अंजनी कुमार सिंह सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

















