- मधुबन-बापूधाम में ग्रुप हाउसिंग से होटल और व्यावसायिक भूखंड तक नीलामी में शामिल
- राजनगर एक्सटेंशन में 6410 वर्गमीटर भूमि का भी होगा आवंटन, आरक्षित मूल्य 17.94 करोड़ रुपये
- नीलामी में शामिल होने के लिए 25 सितंबर तक आवेदन, ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की रिक्त संपत्तियों को खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। जीडीए की ओर से आगामी 30 सितंबर को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सुबह 11 बजे से नीलामी आयोजित की जाएगी। इसमें करीब 30 भूखंडों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। खास बात यह है कि नीलामी में मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के ग्रुप हाउसिंग, होटल, मिक्स्ड लैंड यूज और व्यावसायिक भूखंडों के साथ स्कूल, कॉलेज और अस्पताल से जुड़े भूखंड भी शामिल किए गए हैं। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर आयोजित होने वाली इस नीलामी को लेकर प्राधिकरण ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि नीलामी में भाग लेने के इच्छुक खरीदार 25 सितंबर तक आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। इच्छुक लोग ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से भी नीलामी में शामिल हो सकेंगे।
नीलामी में मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के अलग-अलग पॉकेट के भूखंड शामिल किए गए हैं। पॉकेट-ए में छह ग्रुप हाउसिंग और एक मिक्स्ड लैंड यूज भूखंड, जबकि पॉकेट-बी में एक ग्रुप हाउसिंग, एक मिक्स्ड लैंड यूज और दो होटल भूखंड रखे गए हैं। पॉकेट-सी में चार ग्रुप हाउसिंग और एक होटल भूखंड तथा पॉकेट-डी में एक ग्रुप हाउसिंग भूखंड नीलामी में शामिल होगा। इसी तरह पॉकेट-एफ में व्यावसायिक भूखंड के साथ हाईस्कूल, डिग्री कॉलेज, हेल्थकेयर हॉस्पिटल और नर्सरी-प्राइमरी स्कूल के लिए भूखंड रखे गए हैं। पॉकेट-ई में मिक्स्ड लैंड यूज भूखंड भी नीलामी का हिस्सा होगा। इससे क्षेत्र में भविष्य की व्यावसायिक और संस्थागत गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन के ग्राम नूरनगर स्थित खसरा संख्या-134 की 6410 वर्गमीटर भूमि भी नीलामी में शामिल की गई है। इसमें जोनल लेवल पब्लिक/सेमी पब्लिक (पीएसपी) फैसिलिटीज के साथ शेष हिस्से को आवासीय भूखंड के रूप में रखा गया है। इसका आरक्षित मूल्य 28 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित किया गया है। भूमि का कुल आरक्षित मूल्य करीब 1794.8 लाख रुपये यानी 17.94 करोड़ रुपये रखा गया है।
अपर सचिव ने बताया कि नीलामी में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं ऑफलाइन आवेदन के इच्छुक लोग एचडीएफसी बैंक की मुख्य शाखा, आरडीसी राजनगर से आवेदन फॉर्म/ब्रोशर प्राप्त कर जमा कर सकते हैं। जीडीए की इस नीलामी से मधुबन-बापूधाम और राजनगर एक्सटेंशन में संपत्ति खरीदने के इच्छुक लोगों को निवेश का नया अवसर मिलने की उम्मीद है।

















