गाजियाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 707 ईडब्ल्यूएस भवनों का मंगलवार को लॉटरी ड्रा से आवंटन किया गया। आवेदकों की मौजूदगी में किए गए भवनों के आवंटन के बाद जिनके मकान निकले। उन आवेदकों के चेहरे खिल उठे। मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में सुबह 10 बजे से ईडब्ल्यूएस भवनों का लॉटरी ड्रा से आवंटन किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत जीडीए की 904/41 डी प्रताप विहार, विजय नगर योजना में 707 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।

मंगलवार को हिंदी भवन में शासन से गठित समिति एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव की अध्यक्षता एवं समिति के संयोजक जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, सदस्य फाइनेंस कंट्रोलर अशोक कुमार वाजपेयी, प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह, डूडा के परियोजना अधिकारी संजय पथेरिया, विनीत कुमार आदि की मौजूदगी में भवनों का लॉटरी ड्रा से आवंटन किया गया।
जीडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि प्रताप विहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 707 ईडब्ल्यूएस भवनों का पात्र करीब 1900 आवेदकों की मौजूदगी में बॉक्स में लाटरी पर्ची डालकर ड्रा के जरिए आवंटन किया गया। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए ड्रा किया गया। ड्रा शांतिपूर्ण किए जाने के बाद सफल आवेदकों के नाम से मकान का आवंटन होने से उनके चेहरे खिल उठे।
















