-पुलिस आयुक्त की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में थाना प्रभारियों को दो टूक चेतावनी, अपराध नहीं रुके तो कुर्सी छोडऩे को रहें तैयार
-बारावफात, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को लेकर पुलिस की तैयारियों की समीक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
-पैदल गश्त से लेकर संदिग्धों की चेकिंग तक पर जोर, लापरवाही मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने रविवार को कमिश्नरेट के अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस आयुक्त का सख्त तेवर साफ दिखाई दिया। अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कई अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल मुंशी की तरह रटा-रटाया जवाब देने से काम नहीं चलेगा। जब इलाके में अपराध बढ़ रहे हैं तो अधिकारियों को जमीन पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से संबंधित सवाल किए। कई थाना प्रभारियों के जवाब से असंतुष्ट नजर आए जे. रविन्दर गौड़ ने कहा, ‘मुंशी की तरह रटा-रटाया जवाब दे रहे हो, ऐसे कैसे सुरक्षा व्यवस्था संभालोगे?’ उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जिन थाना क्षेत्रों में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और थाना प्रभारी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं, वहां जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने यहां तक कहा कि यदि अपराधों की रोकथाम नहीं कर पा रहे हैं तो जल्द ही चार्ज छोडऩे के लिए तैयार रहें। पुलिस आयुक्त ने सभी समुदायों के धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ लगातार संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। जुलूस, शोभायात्रा और धार्मिक आयोजनों को लेकर आयोजकों से पहले ही समन्वय स्थापित करने तथा निर्धारित मार्ग और समय का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। बिना अनुमति किसी जुलूस, सार्वजनिक कार्यक्रम या आयोजन की अनुमति नहीं देने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर, सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल, सभी सहायक पुलिस आयुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात और सभी थाना प्रभारी ऑनलाइन मौजूद रहे। अंत में पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने को कहा। साथ ही जनपदवासियों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बढ़ते अपराध वाले थाना क्षेत्रों पर विशेष नजर
पुलिस आयुक्त ने कविनगर, नंदग्राम और सिहानी गेट थाना क्षेत्रों के अलावा लोनी क्षेत्र के अंकुर विहार, लोनी और ट्रोनिका सिटी तथा खोड़ा थाना क्षेत्र में अपराध की स्थिति को लेकर विशेष रूप से कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने थाना प्रभारियों को चेताया कि क्षेत्र में अपराध बढऩा केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि सीधे पुलिस की कार्यशैली और जवाबदेही से जुड़ा मामला है। अपराध रोकने के लिए पुलिस को सक्रिय और क्षेत्र में दिखाई देने वाली भूमिका निभानी होगी। जे. रविन्दर गौड़ ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध नियंत्रण पर भी पूरी गंभीरता से काम किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी स्थिति की जानकारी रखने और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
आगामी बारावफात, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और महत्वपूर्ण चौराहों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। बारावफात के दृष्टिगत गोकशी की घटनाओं की रोकथाम के लिए पूर्व में प्रकाश में आए नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग बढ़ाने तथा नियमित पुलिस गश्त के साथ पैदल गश्त को प्रभावी बनाने के लिए कहा गया।
महिला सुरक्षा और यातायात पर भी सख्ती
पुलिस आयुक्त ने महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ एंटी रोमियो टीम और महिला सुरक्षा टीमों को लगातार भ्रमण और निगरानी करने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त यातायात पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय रखने और किसी भी सूचना पर पुलिस टीम के तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि अधिकारी फुट पेट्रोलिंग और जनसंवाद के माध्यम से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करें।

















