कोरोना के प्रकोप के 11 महीनों बाद एक मार्च से खुलेंगे प्राइमरी विद्यालय

विद्यालय खुलने से पूर्व अभिभावकों से मांगी सहमति

अभिभावकों को शासन के दिशा निर्देशों की दी जानकारी

गाजियाबाद। कोरोना के प्रकोप के बाद लगभग 11 महीनों बाद एक मार्च से प्राइमरी कक्षाओं के लिए विद्यालय खुलेंगे। एक मार्च से कक्षा एक से पांच तक के विद्यालयों को खोला जाएगा। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन शासनादेश के नियमों का पालन कराने के लिए विद्यालयों को खोलने की तैयारी में जुट गया है। विद्यालयों की ओर से अभिभावकों को सहमति पत्र भेजकर बच्चों को स्कूल भेजने की सहमति मांगी जा रही है। एक साल से बंद विद्यालयों में कक्षों की साफ-सफाई कराई जा रही है। मंगलवार को मुरादनगर के प्राथमिक विद्यालय खुरर्मपुर प्रथम की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ने अभिभावकों को स्कूल बुलाकर बताया कि शासन द्वारा एक मार्च से कक्षा एक से पांच तक के विद्यालयों को खोलने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में विद्यालय प्रबन्ध समिति के सदस्यों के साथ साथ बच्चों के अभिभावकों को भी शामिल किया गया। अभिभावकों को शासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइंस को विस्तार से बताया गया एवं समस्त दिशा निर्देशों से भी अवगत कराया गया। शासन द्वारा पूरे सप्ताह दिवस वार बच्चों के विद्यालय आने सम्बंधित कार्यक्रम से भी अवगत कराया गया। विद्यालय द्वारा कोविड से बचाव को लेकर किये गए समस्त उपायों व तैयारियों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि विद्यालय को सेनेटाइज कर दिया गया है एवं बच्चों को गणवेश वितरण के समय मास्क भी उपलब्ध करा दिए गए थे। इसके अतिरिक्त बच्चों के प्रयोग हेतु पर्याप्त सेनेटाइजर की भी व्यवस्था कर दी गयी है। विद्यालय में कोविड से बचाव के लिए अभिभावकों को जागरूक करने हेतु एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है व समस्त गाइडलाइंस को प्रदर्शित करता सेल्फी बूथ भी बनाया गया है। विद्यालय में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है तथा रसोइयों को भी दिशा निर्देश दे दिए गए हैं कि वे बच्चों के आने से पूर्व उनके मध्याह्न भोजन से सम्बंधित समस्त तैयारी पूर्ण कर लें। इस दौरान प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी, अर्चना यादव, नवीन त्यागी, मनोज त्यागी, माधुरी, प्रीति,गीता, अंजू वर्मा, राखी, मंजू वर्मा, विजेता,कमला, बबीता, सरिता, सोनिया, सुमंत्रा, श्वेता, प्रभा, पिंकी, सीमा आदि उपस्थित रहे।