म्युनिसिपल कमिश्नर ने नोडल अफसरों के कार्यों की समीक्षा की

-नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष को जरूरी दिशा-निर्देश

गाजियाबाद। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने गुरुवार को कैंप कार्यालय पर बैठक आयोजित की। इस दौरान कोविड-19 के मद्देनजर नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा की गई। बैठक में अपर नगरायुक्त एवं नोडल अधिकारी आर.एन. पांडेय, प्रमोद कुमार, शिव पूजन यादव, मुख्य अभियंता निर्माण मोईनुद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार और पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडेय ने बताया कि सभी पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम संचालित हैं। इन पर शासन द्वारा निर्धारित संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा निर्देश दिए कि गए सभी पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम के संचालन के संबंध में स्थलीय निरीक्षण कर प्रत्येक पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम पर प्रसारित किए जा रहे संदेश का न्यूनतम 10-15 सेकेंड का वीडियो तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। हिंडन मोक्ष स्थली की व्यवस्थाओं की देख-रेख के लिए नामित नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार बताया कि टोकन व्यवस्था लागू कर शवों के दाह संस्कार की कार्रवाई विधिवत रूप से कराई जा रही है तथा व्यापक स्तर पर सेनेटाइजेशन एवं साफ-सफाई कर रात्रि के समय फॉगिंग का कार्य कराया जा रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने निर्देशित किया कि कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का अनुपालन कर दाह संस्कार में लगे कार्मिकों को मास्क, पीपीई किट, गल्व्स, फेस शिल्ड एवं सेनेटाइजर इत्यादि आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अपर नगरायुक्त शिव पूजन यादव ने बताया कि सभी वार्डों एवं विशेषकर कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत दोनों पालियों में सेनेटाइेजशन एवं फॉगिंग का काम कराया जा रहा है। बैठक में म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने सभी विभागाध्यक्ष को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग अंतर्गत रोस्टर के जरिए 50-50 प्रतिशत कर्मचारियों की डयूटी लगाकर विभागीय कार्यों को कराना सुनिश्चित करें।