पत्रकार ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, बचा लो सरकार

अवैध कब्जा करने की खबर प्रकाशित करने पर दंबगो ने कहा, टपका देंगे

उदयभूमि ब्यूरो
धौलाना।
तहसील मुख्यालय पर आए दिन क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा ग्राम समाज की भूमि को बचाने की लडाई का नजारा देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी जनपद की सबसे चर्चित और विवादित तहसील धौलाना में आए दिन ग्राम समाज की भूमि पर जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ शिकायतों पर तहसील प्रशासन की चुप्पी से भूमाफियाओं व दंबगो के हौसले बुलंद हैं। ग्राम शेखपुर खिचरा में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य करने वालों की खबर प्रकाशित करने पर दंबगो ने पत्रकार को जान से मारने की धमकी दी है। आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े दबंगों से भयभीत पत्रकार ने मुख्यमंत्री व एस पी हापुड़ से जानमाल की गुहार लगाई है। जानकारी के मुताबिक ग्राम शेखपुर खिचरा निवासी नफीस अहमद बेस्ट मीडिया समाचार पत्र में कार्यरत हैं। गत दिनों मसूरी गुलावठी मार्ग स्थित गांव खिचरा की भूमि पर बनाए गए राजकीय इंटर कालेज के समीप ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य करने वालों की खबर प्रकाशित की गई। पत्रकार नफीस अहमद ने इस संबंध में एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी से शिकायत की तो आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े दबंगों ने गांव निवासी पत्रकार नफीस अहमद को धमकाकर मुंह बंद रखने की सलाह दी। उक्त समाचार अन्य समाचार पत्रों में भी प्रमुखता से प्रकाशित हुआ तो तहसील प्रशासन ने मामले में संज्ञान लेते हुए ग्राम प्रधान व लेखपाल को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाए। बता दें कि ग्राम समाज की जमीन पर गॉव के ही दबंग और बदमाश किस्म के व्यक्ति भूरा उर्फ सराफत सईद चुन्नू शाहरूख ,अब्दुल ,सरवर, सदाकत एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ग्राम समाज की खसरा नंबर 649 पर अवैध निर्माण कर दुकान बना ली गई। जिससे करोडो रुपए के राजस्व की हानि हुई है। ग्राम प्रधान राहिल के प्रतिनिधि राशिद प्रधान ने बताया की राजकीय इंटर कॉलेज के सामने ग्राम समाज की भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है इस संबंध में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पत्रकार नफीस अहमद ने मुख्यमंत्री, डीजीपी, जिलाधिकारी, एसपी व थाना प्रभारी निरीक्षक से शिकायत की है।