कारकास उपयोग संयंत्र पर नगर निगम सख्त, बढ़ाई गई निगरानी

रात्रि में नहीं चलेंगी मशीनें, तैनात होंगे अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड

गाजियाबाद। नगर निगम ने कारकास उपयोग संयंत्र की निगरानी एकाएक बढ़ा दी है। यह संयंत्र अब रात्रि में नहीं खोला जाएगा। वहां सुरक्षा के लिहाज से 2 गार्ड भी बढ़ाए जाएंगे। संयंत्र का संचालन कर रही संस्था को साफ निर्देश दिए गए हैं कि संयंत्र पर जिंदा पशु से संबंधित कोई भी कार्य नहीं होना चाहिए। कारकास उपयोग संयंत्र का संचालन नगर निगम से निविदा प्राप्त संस्था कर रही है। शिकायतों के आधार पर संस्था को नोटिस जारी किया गया है। महापौर आशा शर्मा एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए थे।

मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि कारकास उपयोग संयंत्र में अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में किसी प्रकार का जिंदा पशुओं को उपयोग में लाए जाने की बात सामने नहीं आई। इसके बावजूद संस्था को कचेतावनी देकर नोटिस भी जारी किया गया है। संस्था से स्पष्टीकरण मांगा गया है। चेतावनी दी गई कि यदि जीवित पशु से संबंधित किसी भी स्थिति में कोई कार्य संयंत्र में पाया गया तो कार्य अनुबंध समाप्त कर दिया जाएगा। उप मुख्य पशु चिकित्सा  एवं कल्याण अधिकारी ने मौके पर कैमरे की व्यवस्था कर निगरानी बढ़ाई है। इसके अलावा 2 सिक्योरिटी गार्ड और बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

रात्रि में संयंत्र को बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। रात्रि में किसी भी सूरत में मशीनों का संचालन नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी को समय-समय पर मौके पर जाकर निरीक्षण करने को कहा गया है। कारकास उपयोग संयंत्र के संबंध में नगर निगम को मिली वीडियो की भी जांच कराई गई। यह वीडियो कई साल पुरानी है। मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह का कहना है कि इस संयंत्र के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरते जाने पर कार्रवाई की जाएगी। पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. आशीष कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में मौके पर जांच कराई गई है। जांच में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है। ना ही कोई जीवित पशु उस दायरे में पाया गया।