गाजियाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में मंगलवार को आयोजित संभव जनसुनवाई के दौरान सड़कों का निर्माण न होने, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण से जल आपूर्ति आदि की 20 शिकायतें प्राप्त हुई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त अरुण यादव ने संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, सहायक नगर आयुक्त पल्लवी, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी, प्रकाश प्रभारी आश कुमार, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी आदि अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों की शिकायतें सुनी। इससे पूर्व उन्होंने पूर्व में आई शिकायतों के निस्तारण का अधिकारियों से फीडबैक लिया।
अपर नगर आयुक्त अरूण यादव ने बताया कि संभव जनसुनवाई के दौरान निर्माण विभाग की दो शिकायत, स्वास्थ्य विभाग की चार शिकायत,संपत्ति कर विभाग की तीन शिकायत, जलकल विभाग की तीन, उद्यान विभाग की दो, अतिक्रमण से संबंधित तीन, डूडा विभाग की दो, पथ प्रकाश की एक शिकायत प्राप्त हुई। उन्होंने प्राप्त हुई शिकायतों एवं समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिकायतों का निस्तारण करने एवं शिकायतों पर कार्रवाई कराते हुए रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त ने कहा शिकायतों के निस्तारण में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जाए। शिकायतों के निस्तारण के बाद उसका धरातल पर जाकर भी संज्ञान लिया जाए। जिससे शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न रहे।


















