आईटीएस मोहननगर में दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के 12 वीं कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित

गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित आईटीएस इंस्टीट्यूट द्वारा दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। जिसके लिए आईटीएस के चाणक्य सभागार में गुरुवार को एक सम्मान समारोह का शुभारंभ इंडियन रेलवे के पूर्व चेयरमैन अरुणेंद्र कुमार, गंगाराम हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं सीआईओ अरुण गोयल, आईटीएस गु्रप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा, निर्देशक प्रो (डॉ) सुनील कुमार पांडेय व उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्जवलित करके किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इंडियन रेलवे के पूर्व चेयरमैन अरुणेंद्र कुमार ने सभी छात्र छात्राओं को बोर्ड में उनके द्वारा किये गये उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

और उन्हें भविष्य में ऐसा ही प्रदर्शन करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, मातृभाषा और देश को आगे बढ़ाने के लिए काम करें और नए-नए एरिया में आप आगे बढ़ते चलें। विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित गंगाराम हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं सीआईओ अरुण गोयल ने आईटीएस गाजियाबाद कैंपस द्वारा कराये जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए बच्चों की सफलता पर उन्हे बधाई दी और अपने ऊपर भरोसा रखते हुए आगे ऐसे ही निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।इस समारोह में दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के लगभग 150 विद्यालयों के 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 1000 से भी अधिक छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह स्वरूप सम्मान पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए। इसके अलावा समारोह मे उपस्थित 50 प्रिंसिपल्स एवं 100 से भी अधिक टीचर्स को एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया।


आईटीएस-यूजी परिसर के डायरेक्टर प्रो. (डॉ) सुनील कुमार पांडेय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी यह उपलब्धि आपके जीवन को एक नई उड़ान प्रदान करेगी किन्तु आपको अपनी दिशा स्वयं निर्धारित करनी होगी इसलिए जीवन में सफल होने के लिए अपनी दिशा जरूर सुनिश्चित कर ले कि अब आगे आपको क्या करना है। उन्होंने बताया कि आपकी यह सफलता सिर्फ आपकी ही नहीं अपितु आपके परिजनों एवं अध्यापकों की भी सफलता है। इस सफलता को बनाये रखने के लिए आपको और भी अनुशासित एवं संतुलित होने की आवश्यकता है।

सम्मान समारोह के दौरान, एसएलएसडीएवी दिल्ली, क्वींस कान्वेंट रोहिणी, रॉकवुड, डी.डी.पी. एस, सर्वोदय, सुन वैली इंटरनेशनल, रियान इंटरनेशनल, डी.ए.वी., छबीलदास, सिल्वर लाइन प्रेस्टीज सैंट मेरी जैसे लगभग 150 विद्यालयों के 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 1000 से भी अधिक छात्र-छात्राएं, 50  प्रिंसिपल्स, 100  टीचर्स एवं लगभग 250 अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह के उपरान्त सभी छात्र-छात्राओं ने आईटीएस ग्रुप ऑफ एजुकेशन का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस सम्मान समारोह में आकर हम गौरवान्वित महसूस कर रहे है। उपस्थित प्रधानाचार्यों, अध्यापकों एवं अभिभावकों ने भी आईटीएस को अपना धन्यवाद प्रदान किया, साथ ही इस प्रकार के आयोजन करते रहने के लिए सुझाव भी दिया।