- राजनगर एक्सटेंशन से एलिवेटेड रोड जाने वाले मार्ग पर रोटरी में स्थापित हुई 20×20 फीट की भव्य स्थापना
- राजनगर एक्सटेंशन से एलिवेटेड रोड मार्ग पर रोटरी में तैयार हुआ आकर्षक स्ट्रक्चर
- लाइटिंग और लैंडस्कैपिंग से बढ़ेगी खूबसूरती, एक माह में पूरा होगा बाकी काम
- तकनीक और नवाचार के जरिए युवाओं को नई सोच का संदेश देने की पहल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की बदलती तस्वीर अब केवल सड़कों, इमारतों और आधुनिक सुविधाओं में ही नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख स्थानों पर नजर आने वाली आकर्षक कलाकृतियों और स्थापनाओं में भी दिखाई देने लगी है। गाजियाबाद नगर निगम की ओर से शहर के आधुनिक स्वरूप, तकनीकी विकास और भविष्य की संभावनाओं को रचनात्मक अंदाज में प्रदर्शित करने के लिए तैयार की गई ‘गाजियाबाद-द टेक हब’ स्थापना इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर चल रहे कार्यों के तहत इसे तैयार किया गया है। करीब 20 फीट लंबी और 20 फीट चौड़ी यह भव्य स्थापना राजनगर एक्सटेंशन से एलिवेटेड रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर पार्क में रोटरी गोलचक्कर पर स्थापित की गई है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, ‘गाजियाबाद-द टेक हब’ केवल सौंदर्यीकरण का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसके जरिए शहर की आधुनिक पहचान और विकास यात्रा को भी प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है।
स्थापना को इस तरह तैयार किया गया है कि यह गाजियाबाद के तकनीकी विकास, डिजिटल बदलाव, नवाचार और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं की दिशा में बढ़ते कदमों का संदेश दे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि ‘गाजियाबाद-द टेक हब’ के माध्यम से शहर की बदलती तस्वीर को रचनात्मक और आकर्षक स्वरूप में सामने लाने का प्रयास किया गया है। गाजियाबाद तेजी से आधुनिक सुविधाओं और तकनीकी विकास की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में शहर के प्रमुख स्थान पर स्थापित यह संरचना आने वाले समय के गाजियाबाद की परिकल्पना को दर्शाती है। यह स्थापना शहरवासियों के साथ गाजियाबाद आने वाले लोगों को भी शहर के नए स्वरूप से परिचित कराने का काम करेगी। खासकर युवाओं के बीच तकनीक, नवाचार और नई संभावनाओं को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
चारों तरफ होगी आकर्षक रोशनी, नीचे तैयार किया जा रहा भव्य स्ट्रक्चर
‘गाजियाबाद-द टेक हब’ की खूबसूरती को और बढ़ाने के लिए इसके चारों तरफ आकर्षक लाइटिंग लगाने का काम भी चल रहा है। प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि स्थापना पर लाइटिंग समेत अन्य कार्य प्रगति पर हैं। करीब एक माह के भीतर लाइटिंग और अन्य काम पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद रात के समय भी यह स्थापना लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी। स्थापना के नीचे एक भव्य स्ट्रक्चर भी तैयार किया गया है। इसे लैंडस्कैपिंग के माध्यम से सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है। आसपास हरियाली और आकर्षक लैंडस्कैपिंग विकसित होने के बाद पूरे स्थान की खूबसूरती और बढ़ेगी। नगर निगम की कोशिश है कि प्रमुख मार्गों और चौराहों को केवल यातायात व्यवस्था के लिहाज से ही नहीं, बल्कि शहर की पहचान और सौंदर्यीकरण के लिहाज से भी विकसित किया जाए।
स्वच्छता के साथ शहर की सुंदरता और आधुनिक पहचान पर जोर
गाजियाबाद नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और स्मार्ट बनाने की दिशा में विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ‘गाजियाबाद-द टेक हब’ को आधुनिक गाजियाबाद की पहचान और भविष्य की ओर बढ़ते कदमों के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य शहर की मौजूदा पहचान को आधुनिक सुविधाओं, तकनीक और बेहतर सौंदर्यीकरण के साथ नई दिशा देना है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम की ओर से स्वच्छता के साथ-साथ शहर की सुंदरता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रमुख मार्गों, पार्कों, रोटरी और सार्वजनिक स्थानों को आकर्षक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
‘गाजियाबाद-द टेक हब’ इसी अभियान का हिस्सा है। नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि शहर की सुंदरता केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की आधुनिक पहचान को सार्वजनिक स्थलों पर रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित करना भी जरूरी है। ऐसे में यह स्थापना गाजियाबाद की विकास यात्रा, तकनीकी सोच और भविष्य की संभावनाओं को एक साथ सामने लाने का काम करेगी। लाइटिंग और लैंडस्कैपिंग का कार्य पूरा होने के बाद यह स्थान और अधिक आकर्षक नजर आएगा और आधुनिक गाजियाबाद की एक नई पहचान के रूप में लोगों के सामने आएगा।

नगर आयुक्त
गाजियाबाद-द टेक हब शहर की बदलती तस्वीर, तकनीकी प्रगति और भविष्य की संभावनाओं का रचनात्मक प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि गाजियाबाद को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ आधुनिक, स्मार्ट और तकनीक आधारित शहर के रूप में नई पहचान दी जाए। इस स्थापना के माध्यम से शहर के विकास और आधुनिक सोच को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया है। आने वाले समय में लाइटिंग और लैंडस्कैपिंग का कार्य पूरा होने के बाद यह स्थान और अधिक भव्य एवं आकर्षक नजर आएगा। हमारा उद्देश्य है कि शहरवासियों के साथ यहां आने वाले लोगों को भी आधुनिक गाजियाबाद की एक सकारात्मक और विकसित तस्वीर दिखाई दे।
-विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

















