-सेक्टर-94 के कमांड कंट्रोल सेंटर से जुड़ेगा कैमरों का नेटवर्क, प्रमुख मार्गों पर रहेगी नजर
-आईएसटीएमएस से जुड़ेंगे कैमरे, शहर की यातायात व्यवस्था पर होगी एकीकृत निगरानी
-एलिवेटेड रोड और अंडरपास पर बढ़ेगी निगरानी, कंट्रोल सेंटर से होगी मॉनिटरिंग
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। शहर के एलिवेटेड रोड और अंडरपास से गुजरने वाले वाहन अब तीसरी आंख की निगरानी में होंगे। नोएडा अथॉरिटी और यातायात पुलिस ने इन स्थानों पर सर्विलांस कैमरे लगाने की योजना बनाई है। इन कैमरों को इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईएसटीएमएस) से जोड़ा जाएगा। इसके बाद सेक्टर-94 स्थित कमांड कंट्रोल सेंटर से इन प्रमुख मार्गों पर यातायात की निगरानी की जा सकेगी। योजना का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ सड़क सुरक्षा मजबूत करना और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करना है।
जाम और दुर्घटनाओं पर रहेगी नजर
नोएडा में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ प्रमुख मार्गों, एलिवेटेड रोड और अंडरपास पर यातायात का दबाव भी रहता है। ऐसे में इन स्थानों पर कैमरे लगने से जाम और यातायात बाधित होने की स्थिति का पता लगाने में मदद मिलेगी। किसी दुर्घटना की स्थिति में भी कंट्रोल सेंटर के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक सूचना पहुंचाई जा सकेगी। इससे जरूरत के मुताबिक यातायात को नियंत्रित करने और राहत कार्य शुरू करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कैमरों की फुटेज दुर्घटनाओं की जांच में भी उपयोगी होगी। इसके अलावा किसी आपराधिक घटना के बाद फरार होने वाले वाहनों की पहचान करने में भी मदद मिल सकती है। कैमरों के माध्यम से प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर नजर रखना आसान होगा।
नियम तोड़ने वालों के कट सकेंगे चालान
आईएसटीएमएस के तहत ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) और यातायात नियमों के उल्लंघन का पता लगाने वाली तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। एएनपीआर तकनीक से वाहनों की नंबर प्लेट की पहचान की जा सकती है। वहीं, निर्धारित व्यवस्था के अनुसार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसमें तेज गति से वाहन चलाने और अन्य चिह्नित उल्लंघनों के मामले शामिल हो सकते हैं।
नोएडा के प्रमुख चौराहों पर पहले से ही आईएसटीएमएस के तहत कैमरे लगाए गए हैं। अब एलिवेटेड रोड और अंडरपास को भी निगरानी व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है। इससे शहर की यातायात व्यवस्था पर एकीकृत तरीके से नजर रखने में मदद मिलेगी।
जल्द शुरू होगा काम
अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, एलिवेटेड रोड और अंडरपास पर सर्विलांस कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है। इस दिशा में जल्द काम शुरू करने की तैयारी है। कैमरों को कमांड कंट्रोल सेंटर से जोड़ने के बाद यातायात की निगरानी और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। इससे वाहन चालकों में यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ने और सड़क सुरक्षा बेहतर होने की उम्मीद है।

















