गांधी जयंती पर शराब बंदी के बीच तस्कर की ‘पार्टी’ से पहले ही खुला खेल, 62.755 बल्क लीटर शराब बरामद

-स्टर्लिंग मॉल के पास कार में छिपाकर रखी थी अंग्रेजी शराब और बीयर, आरोपी गिरफ्तार
-करीब 70 हजार की शराब के साथ लाखों रुपये कीमत की कार जब्त, बंदी के दिन बेचने की थी तैयारी

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को शराब की बिक्री पर पूर्ण बंदी के बीच नोएडा आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष परिवर्तन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। नोएडा जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आबकारी विभाग और थाना सेक्टर-39 पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-104 स्थित स्टर्लिंग मॉल के पास कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध शराब और वाहन समेत गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर की कुल 62.755 बल्क लीटर मात्रा बरामद की गई। संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना और निगरानी के आधार पर सेक्टर-104 स्थित स्टर्लिंग मॉल के महर्षि आश्रम गेट नंबर-1 के पास संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान होंडा कंपनी की सफेद रंग की कार संख्या डीएल-12 सीके-0413 से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय टेक नारायण सिंह के रूप में हुई है।

जांच के दौरान वाहन से 180 मिलीलीटर क्षमता की विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें बरामद हुईं। इनमें सिमरन ऑफ जमुना, मैजिक मोमेंट, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉकफोर्ड, ऑल सीजन और इंपीरियल ब्लू सहित अन्य शराब शामिल थी। इसके अलावा 375 मिलीलीटर क्षमता की रॉकफोर्ड, ऑल सीजन, आइकॉनिक और रॉयल स्टैग की बोतलें भी मिलीं। विभाग के अनुसार बरामद अंग्रेजी शराब की कुल मात्रा 16.755 बल्क लीटर रही। इसी तरह वाहन से विभिन्न ब्रांड की बीयर के कैन भी बरामद किए गए। इनमें 500 मिलीलीटर क्षमता के टू वर्क, किंगफिशर, कार्ल्सबर्ग एलीफेंट और बडवाइजर मैग्नम के कैन शामिल हैं। बीयर की कुल मात्रा 46 बल्क लीटर बताई गई।

इस प्रकार अंग्रेजी शराब और बीयर को मिलाकर कुल 62.755 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कीमत करीब 70 हजार रुपये है। आरोपी ने बंदी के दिन शराब बेचने के लिए यूपी की लाइसेंसी शराब की दुकानों से एक दिन पहले ही शराब को स्टॉक कर लिया था, जिससे कि बंदी के दिन यारों के साथ पार्टी कर सकें। मगर उससे पहले ही टीम ने उसे दबोच लिया। घटना में प्रयुक्त लाखों रुपये कीमत की कार भी अब तस्कर कि गिरफ्तारी के साथ जब्त कर ली गई है।

बंदी के दिन तस्करी रोकने को सक्रिय रही टीम
गांधी जयंती पर शराब की दुकानों की बंदी के बीच अवैध शराब की आवाजाही रोकना आबकारी विभाग के लिए महत्वपूर्ण चुनौती रहती है। दो अक्टूबर को देशभर में गांधी जयंती के कारण शराब की बिक्री पर बंदी रही। ऐसे में गौतमबुद्ध नगर में आबकारी निरीक्षक संजय चन्द्र की ओर से विशेष निगरानी और प्रवर्तन अभियान चलाया गया। विभाग की कार्रवाई में अवैध रूप से शराब ले जाते व्यक्ति की गिरफ्तारी इस निगरानी अभियान का परिणाम रही। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में टीम ने केवल शराब की दुकानों की निगरानी तक अभियान को सीमित नहीं रखा, बल्कि संदिग्ध वाहनों और शराब की अवैध आवाजाही पर भी नजर रखी। कार्रवाई के दौरान वाहन से बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लिया गया।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंदी के दिनों में अवैध शराब की संभावित तस्करी को रोकने के लिए विभागीय टीमें विशेष रूप से सक्रिय रहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग की प्राथमिकता अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ राजस्व हितों की रक्षा करना भी है। उन्होंने संयुक्त टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता के कारण अवैध शराब के परिवहन पर समय रहते कार्रवाई संभव हुई।

टीम की सतर्कता से पकड़ा गया अवैध शराब का जखीरा
गांधी जयंती की बंदी के दौरान की गई इस कार्रवाई में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्यशैली सामने आई। टीम ने सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को चिन्हित किया और जांच के दौरान शराब बरामद कर ली। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए क्षेत्रवार निगरानी बढ़ाई गई है। आबकारी विभाग की टीम की सक्रियता और पुलिस के साथ समन्वय से हुई इस कार्रवाई को अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

विभाग की ओर से आगे भी संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद शराब, वाहन और आरोपी से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि बंदी के दिन भी अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रही।