- प्राकृतिक रंगों और फूल-पत्तियों से सजी रंगोली में दिखी गाजियाबाद की पहचान
- सीडीओ कुमार सौरभ ने रिबन काटकर किया उद्घाटन, अधिकारियों ने सराहा रचनात्मक प्रयास
- रैपिड रेल, हवाई अड्डा, घंटाघर और दूधेश्वरनाथ मंदिर के साथ योजनाओं का भी हुआ चित्रण
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिला प्रशासन के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के तहत राजनगर स्थित गोद मॉल के बराबर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की पार्किंग में शनिवार को 75 फीट लंबी भव्य रंगोली तैयार की गई है। रंगोली में समृद्ध गाजियाबाद की तस्वीर को प्राकृतिक रंगों, फूलों और पत्तियों के माध्यम से बेहद आकर्षक ढंग से उकेरा गया है। यह रंगोली राह से गुजरने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने शनिवार सुबह रिबन काटकर रंगोली का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिया और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। दो दिनों की मेहनत से तैयार की गई इस रंगोली में गाजियाबाद की पहचान और विकास की झलक एक साथ देखने को मिल रही है। रंगोली के मध्य में राष्ट्रीय ध्वज के चक्र को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसके आसपास रैपिड रेल, हवाई अड्डा, घंटाघर और दूधेश्वरनाथ मंदिर को बेहद खूबसूरती से उकेरा गया है।

रंगोली के चारों ओर उत्तर प्रदेश सरकार, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश पुलिस और गाजियाबाद नगर निगम के प्रतीकों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंगोली को केवल सजावट तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसके माध्यम से गाजियाबाद की विकास यात्रा और जिले की प्रमुख पहचान को भी सामने रखा गया है। राष्ट्रीय ध्वज के चक्र से लेकर शहर की ऐतिहासिक और आधुनिक पहचान तक को प्राकृतिक रंगों के जरिए प्रदर्शित किया गया है। रैपिड रेल और हवाई अड्डे के माध्यम से आधुनिक गाजियाबाद की तस्वीर दिखाई गई है, वहीं घंटाघर और दूधेश्वरनाथ मंदिर के जरिए शहर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान को स्थान दिया गया है। रंगोली के दोनों ओर उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं का चित्रण किया गया है। इनमें निपुण भारत अभियान, समग्र शिक्षा, एक जिला एक उत्पाद, मिशन शक्ति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, जल संरक्षण, कृषि एवं पशुधन तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं को रंगों के माध्यम से उकेरा गया है।
इस भव्य रंगोली को तैयार करने में विभिन्न विभागों और संस्थानों की सहभागिता रही। बेसिक शिक्षा विभाग की एसआरजी पूनम शर्मा ने समन्वय स्थापित किया। सुशीला गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, नींव शक्ति संस्था, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं ने रंगोली को आकार देने में सहयोग किया। गांधी स्मारक इंटर कॉलेज से गिरीश चंद्र, सुशीला इंटर कॉलेज से प्रधानाचार्य अनुपम भारद्वाज और अंजू शर्मा, गुरु नानक से पूनम तथा बेसिक शिक्षा विभाग से रेनू चौहान, अंशु सिंह, नीतू सिंह, मीनू शर्मा, सोनिया, निधि जैन और गीता सहित अन्य लोगों ने भी इसमें सहयोग दिया।
उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने रंगोली का अवलोकन किया और इसमें दर्शाई गई योजनाओं तथा शहर की विशेषताओं की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचती है। रंगोली को देखने के लिए आसपास से गुजरने वाले लोगों की भी रुचि बनी रही। प्राकृतिक रंगों और फूल-पत्तियों से तैयार इस कलाकृति ने जहां स्थल की सुंदरता बढ़ाई, वहीं इसमें प्रदर्शित योजनाओं ने विकास और जनकल्याण का संदेश भी दिया। विभिन्न विभागों, शिक्षकों और छात्राओं की सामूहिक सहभागिता से तैयार यह रंगोली सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी की सुंदर मिसाल बनकर सामने आई है।

















