नोएडा में बढ़ेंगी 26,600 एलईडी लाइटें, टाटा से 30 महीने बढ़ा करार

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। शहर को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में नोएडा अथॉरिटी लगातार काम कर रही है। सीईओ कृष्णा करुणेश शहर की व्यवस्थाओं को मजबूत करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रहे हैं। इसी क्रम में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए नोएडा अथॉरिटी ने टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के साथ एलईडी प्रोजेक्ट का करार 30 महीने के लिए बढ़ा दिया है। नए समझौते के तहत कंपनी शहर में 26,600 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाएगी। इसके साथ ही पांच नई इलेक्ट्रिक बसें और 10 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उम्मीद है कि कंपनी अगले महीने से नए कार्यों की शुरुआत कर देगी।

दरअसल, वर्ष 2019 में नोएडा अथॉरिटी ने ऊर्जा बचत परियोजना के तहत टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के साथ शहर की करीब 74 हजार स्ट्रीट लाइटों को एलईडी में बदलने का करार किया था। परियोजना की अवधि पूरी हो चुकी है और इसके तहत निर्धारित लाइटें भी लगाई जा चुकी हैं। मौजूदा व्यवस्था को आगे जारी रखने के साथ शहर में जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त रोशनी उपलब्ध कराने के लिए अथॉरिटी ने कंपनी के साथ करार को 30 महीने और बढ़ाया है।

वर्ष 2018-19 में नोएडा क्षेत्र में 76,366 मेटल हैलाइड और सोडियम लाइटों को ऊर्जा बचत के उद्देश्य से एलईडी में बदलने का समझौता हुआ था। टेंडर की शर्तों में कम से कम 51 प्रतिशत ऊर्जा बचत और 10 प्रतिशत राजस्व साझेदारी का प्रावधान किया गया था। परियोजना से होने वाली ऊर्जा बचत की जांच थर्ड पार्टी एनर्जी ऑडिटर (टीपीईए) के माध्यम से कराई गई। इसके लिए आईआईटी रुड़की को कंसल्टेंट नियुक्त किया गया था। जांच में परियोजना के तहत वास्तविक ऊर्जा बचत 60.45 प्रतिशत पाई गई।

चार्जिंग स्टेशन और ई-बसों की भी सुविधा
नए एग्रीमेंट में शहर में 10 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना भी शामिल की गई है। प्रत्येक चार्जिंग स्टेशन की क्षमता 240 किलोवाट होगी। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग की सुविधा बढ़ेगी और शहर में ई-मोबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा 45 सीट क्षमता वाली पांच नई इलेक्ट्रिक बसें भी उपलब्ध कराने की शर्त रखी गई है। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

अंधेरे वाले स्थानों पर बढ़ेगी रोशनी
नई एलईडी लाइटें लगाए जाने से शहर के उन स्थानों पर भी रोशनी बढ़ाई जा सकेगी, जहां फिलहाल पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं है। प्रमुख सड़कों, सेक्टरों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने से रात में आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही शहर की सुरक्षा और खूबसूरती में भी सुधार होगा। अथॉरिटी का फोकस केवल नई लाइट लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मौजूदा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने और ऊर्जा की बचत को बनाए रखने पर भी है। नई एलईडी लाइटें ऊर्जा की खपत कम करने के साथ लंबे समय तक बेहतर रोशनी देने में मदद करेंगी।

शहर में बढ़ती आबादी, वाहनों की संख्या और नए सेक्टरों के विकास के साथ बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में एलईडी लाइट, ई-चार्जिंग स्टेशन और इलेक्ट्रिक बसों से जुड़े इस प्रोजेक्ट को शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।