उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर-कासना मार्ग पर रात के समय अंधेरे वाले स्थान अब जल्द ही रोशन होंगे। ग्रेटर नोएडा के परी चौक से कासना तक करीब चार किलोमीटर लंबे मार्ग पर 180 अतिरिक्त एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस काम पर करीब 1.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अथॉरिटी के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने इसके लिए निविदा जारी कर दी है। एजेंसी का चयन होने के बाद करीब एक से डेढ़ माह में काम शुरू होने की उम्मीद है।
अधिकारियों के अनुसार सूरजपुर-कासना मार्ग समेत शहर की प्रमुख सड़कों पर अंधेरे वाले स्थानों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सर्वे कर ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है। अब चरणबद्ध तरीके से इन स्थानों पर अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसी के तहत एसके मार्ग पर परी चौक से कासना तक 180 नई एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इससे रात में इस प्रमुख मार्ग पर रोशनी बढ़ने के साथ वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी।
दीवाली से पहले सजावटी लाइटों से जगमग होगा मार्ग
सूरजपुर-कासना मार्ग के एक हिस्से में सूरजपुर घंटाघर से एलजी चौक तक सेंट्रल वर्ज में सजावटी एलईडी लाइट लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है। करीब 3.5 किलोमीटर हिस्से में 250 सजावटी एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। काम पूरा होने के बाद इन्हें दीवाली से पहले चालू करने की तैयारी है। इससे सड़क की सुंदरता बढ़ने के साथ दोनों तरफ पर्याप्त रोशनी भी होगी।
यह मार्ग सूरजपुर और कासना के अलावा ग्रेटर नोएडा के अल्फा, बीटा, गामा समेत कई सेक्टरों को परी चौक, दनकौर-सिकंदराबाद मार्ग, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के बाद इस मार्ग पर वाहनों का दबाव और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अतिरिक्त और सजावटी लाइटों की व्यवस्था को यातायात और सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

















