- इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा ने 25 शिक्षकों को प्रमाण-पत्र, शॉल और स्मृति-चिह्न देकर किया सम्मानित
- शिक्षकों और क्लब सदस्यों ने पॉलीथिन का प्रयोग न करने और लोगों को जागरूक करने की ली शपथ
- हर शिक्षक कम से कम दो जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर आत्मनिर्भर बनाने का करेगा प्रयास
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। शिक्षक दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट 301 की ओर से शिक्षकों के सम्मान में सोमवार को गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 25 शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस दौरान शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही श्री लक्ष्मी-राधाकृष्ण की माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और कपड़े का थैला भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के साथ शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। समारोह में उपस्थित शिक्षकों और क्लब सदस्यों ने समाज में शिक्षा के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में कम से कम दो ऐसे जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास करेंगे, जिनके पास पढ़ाई के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं हैं। शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई में सहयोग देने, उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करने और उनके भीतर आत्मविश्वास विकसित करने का संकल्प लिया। क्लब सदस्यों ने भी इस पहल को सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पॉलीथिन के खिलाफ जागरूकता का संदेश
समारोह में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। सभी उपस्थित सदस्यों और शिक्षकों ने पॉलीथिन का प्रयोग न करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। कपड़े का थैला भेंट कर लोगों को पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पॉलीथिन का बढ़ता इस्तेमाल पर्यावरण, जल निकासी व्यवस्था और पशु-पक्षियों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। ऐसे में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। लोगों से बाजार जाते समय कपड़े का थैला साथ रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने की अपील की गई।
गुरु जीवन को देते हैं सही दिशा
क्लब की सचिव डॉ. शेली ने सभी शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि गुरु वह शक्ति हैं, जो हमारे जीवन को सही दिशा देते हैं और आगे बढऩे का सामर्थ्य प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की नींव मजबूत करने का कार्य करते हैं। उनके मार्गदर्शन से बच्चे न केवल ज्ञान प्राप्त करते हैं, बल्कि अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदारी का महत्व भी सीखते हैं। क्लब की एडिटर एवं पूर्व अध्यक्ष अनीता सिंगला ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पुरस्कार या सम्मान के लिए नहीं, बल्कि अपने कर्म और समर्पण के माध्यम से बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देकर उन्हें बेहतर इंसान बनाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक का प्रभाव विद्यार्थी के पूरे जीवन पर पड़ता है। कार्यक्रम में क्लब की उपाध्यक्ष डॉ. मधुश्री वर्मा, डॉ. पूजा अग्रवाल और अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए शिक्षा और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया। समारोह का समापन शिक्षकों के प्रति आभार और समाजहित में निरंतर कार्य करने के संदेश के साथ हुआ।

















