- हिंदी भवन में जीडीए ने पारदर्शी तरीके से कराया ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का ड्रॉ
- शाहबाद उर्फ मीठेपुर और मिर्जापुर में बने आवासों का हुआ आवंटन, प्रतीक्षा सूची में 138 आवेदक
- फ्लैट मिलने पर खिल उठे लाभार्थियों के चेहरे, केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ जीडीए का जताया आभार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अपने घर का सपना पूरा होने की उम्मीद लगाए बैठे सैकड़ों परिवारों के लिए गुरुवार का दिन खुशियां लेकर आया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने 1493 ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का लॉटरी ड्रॉ के माध्यम से आवंटन किया। लॉटरी में अपना नाम आने पर आवेदकों के चेहरे खिल उठे। कई लाभार्थियों ने इसे अपने परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार और जीडीए के प्रति आभार जताया। लॉटरी ड्रॉ का आयोजन लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सुबह 11 बजे से किया गया। ग्राम शाहबाद उर्फ मीठेपुर और ग्राम मिर्जापुर में बनाए गए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के आवासों के आवंटन की प्रक्रिया आवेदकों और उनके परिजनों की मौजूदगी में पूरी कराई गई। कार्यक्रम में अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ड्रॉ संपन्न कराया, ताकि पात्र आवेदकों को समान अवसर मिल सके।
जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्राम शाहबाद उर्फ मीठेपुर और ग्राम मिर्जापुर में निर्मित ईडब्ल्यूएस आवासों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया गया। शाहबाद उर्फ मीठेपुर में खसरा संख्या 932/41डी तथा खसरा संख्या 46 और 47 से संबंधित आवासों के साथ ग्राम मिर्जापुर के खसरा संख्या 126, 128 और 129 में बने फ्लैटों को आवंटन प्रक्रिया में शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि कुल 1493 फ्लैटों का आवंटन किया गया है। इसके अतिरिक्त भविष्य में आवंटन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए 138 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। यह पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न कराई गई, जिससे आवंटन में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।

लॉटरी ड्रॉ के दौरान जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन ज्योति मौर्य, जीडीए के फाइनेंस कंट्रोलर सिद्धार्थ गौतम, ओएसडी कनिका कौशिक और डूडा परियोजना अधिकारी रजनी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में आवेदक और उनके परिजन भी कार्यक्रम में पहुंचे। सभी की मौजूदगी में ड्रॉ की प्रक्रिया पूरी की गई। लॉटरी में फ्लैट आवंटित होने पर लाभार्थियों में खुशी दिखाई दी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अपना घर होना बड़ी राहत माना जाता है।
ऐसे में आवंटन में नाम आने के बाद कई आवेदकों ने अपनी खुशी जाहिर की और आवास उपलब्ध कराने की योजना के लिए सरकार तथा जीडीए का धन्यवाद किया। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, लॉटरी का उद्देश्य पात्र आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवास उपलब्ध कराना और आवंटन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। 1493 फ्लैटों के आवंटन से लाभार्थियों को अपने घर का सपना पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मिला है, जबकि प्रतीक्षा सूची में शामिल 138 आवेदकों को भविष्य में आवंटन की संभावना बनी रहेगी।

















