-घंटाघर, रेलवे स्टेशन, शहीद स्थल मेट्रो और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अफसरों ने संभाली कमान
-फुट पेट्रोलिंग के साथ संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच, यात्रियों व आमजन से संवाद कर दिया सुरक्षा का भरोसा
-मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को बांधी राखी, ऑपरेशन डीकॉय के तहत बाजार और बस स्टैंड की भी परखी सुरक्षा व्यवस्था
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रक्षाबंधन पर्व को लेकर गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए भीड़भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और बस स्टैंड समेत प्रमुख स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी है। त्योहार के दौरान महिलाओं, युवतियों और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर फुट पेट्रोलिंग की। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के साथ यात्रियों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकना है। रक्षाबंधन को लेकर बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली उपासना पाण्डेय ने सर्किल कोतवाली क्षेत्र में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। उन्होंने घण्टाघर मार्केट, रेलवे स्टेशन और शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन के आसपास फुट पेट्रोलिंग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की।
इस दौरान यात्रियों, दुकानदारों और आमजन से बातचीत कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई और उन्हें सुरक्षित वातावरण का भरोसा दिया गया। रक्षाबंधन पर बहनों और परिवारों की बाजारों में बढऩे वाली आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपनी मौजूदगी बढ़ाई। घण्टाघर जैसे प्रमुख बाजार क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग कर पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन पर भी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस अधिकारियों ने बैरियर प्वाइंटों पर भी संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की गहन जांच कराई। वाहनों की चेकिंग के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई, ताकि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्व किसी वारदात को अंजाम न दे सकें।
पुलिस की टीमों को लगातार सक्रिय रहने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त नन्दग्राम जियाउद्दीन अहमद ने थाना सिहानीगेट क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग की। उन्होंने पुलिस टीम के साथ प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच कराई। पुलिस की मौजूदगी से त्योहार के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ।
महिला सुरक्षा के साथ मिशन शक्ति का संदेश
रक्षाबंधन के अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त वेवसिटी प्रियाश्री पाल ने थानाध्यक्ष क्रॉसिंग रिपब्लिक और मिशन शक्ति केंद्र की टीम के साथ स्कूल पहुंचकर छात्राओं को राखी बांधने का आयोजन किया। इस दौरान छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं को यह संदेश दिया कि किसी भी असहज स्थिति में घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ अपनी बात सामने रखें और जरूरत पडऩे पर पुलिस की मदद लें।
इसके साथ ही क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में ऑपरेशन डीकॉय के तहत बस स्टैंड और मार्केट एरिया में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों से बातचीत कर स्थिति का निरीक्षण किया। बस स्टैंड और मार्केट क्षेत्र में मिले बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की गई, जिससे पुलिस और आमजन के बीच सहज संवाद का माहौल बना।
त्योहार में सुरक्षा और संवेदनशीलता दोनों साथ
रक्षाबंधन पर पुलिस की यह कार्रवाई केवल चेकिंग तक सीमित नहीं रही, बल्कि अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। फुट पेट्रोलिंग, बैरियर चेकिंग, सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण और आमजन से संवाद के जरिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया। महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति टीम की सक्रियता ने पुलिस की कार्यशैली में संवेदनशीलता का पक्ष भी सामने रखा।
वहीं बाजारों और परिवहन केंद्रों पर की गई चेकिंग ने पुलिस की सतर्कता को दर्शाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान महिलाओं और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी और चेकिंग जारी रखी जा रही है, ताकि लोग बिना किसी भय के रक्षाबंधन का पर्व मना सकें।
















