-पहली बार आयोजित रामलीला में उमड़ रहे क्षेत्रवासी, विवाह प्रसंग पर नाच-गाकर श्रद्धालुओं ने मनाया उत्सव
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी स्थित श्रीराम पार्क के पास आयोजित सनातन धर्म रामलीला में बुधवार को सीता स्वयंवर का प्रसंग श्रद्धा और उल्लास के साथ मंचित किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ते ही पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने फूलों की वर्षा कर खुशी जाहिर की। सीता-राम विवाह के प्रसंग में लोगों ने नाच-गाकर उत्सव मनाया और धार्मिक आयोजन का आनंद लिया। कौशांबी में पहली बार आयोजित हो रही इस रामलीला को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सीता स्वयंवर के मंचन के दौरान भगवान श्रीराम के धनुष तोडऩे का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही श्रीराम ने शिव धनुष भंग किया, श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए और पुष्पवर्षा कर प्रसन्नता व्यक्त की।
इसके बाद विवाह प्रसंग को उत्साहपूर्वक मनाया गया। रामलीला देखने पहुंचे क्षेत्रवासियों ने धार्मिक प्रस्तुतियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे आयोजन में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दिखाई दी। कौशांबी में पहली बार आयोजित की जा रही रामलीला स्थानीय लोगों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी परिवार सहित पहुंचकर भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का आनंद ले रहे हैं। आयोजन के माध्यम से लोगों को धार्मिक परंपराओं से जुडऩे और नई पीढ़ी को रामायण के आदर्शों से परिचित कराने का अवसर मिल रहा है। सीता स्वयंवर के दौरान उमड़ी भीड़ और श्रद्धालुओं का उत्साह आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाता है।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद मनोज गोयल ने कौशांबी पार्क ग्रुप के सदस्यों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में समाजसेवी दीपक गुप्ता, शकुंतला गुप्ता, लक्ष्मीकांत चानना, राज शर्मा, सतीश गुप्ता, सुधीर गुप्ता, बीके वर्मा, उर्मिल अरोड़ा, सतीश बबूटा, अशोक जायसवाल, एमके खुराना, विपिन जैन, डीके जैन, गांधीनगर के सतीश गुप्ता, अनिल मोगा, अजय गुप्ता, आरके सोनी, नरेश कोहली, हृदेश अग्रवाल, पप्पू चौपाल के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार राकेश जकेतिया, राजकुमार चावला, पवन गुप्ता, गौरव वर्मा, मनीष जैन और पंडित जयप्रकाश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। रामलीला के माध्यम से कौशांबी में धार्मिक वातावरण के साथ सामाजिक सहभागिता भी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासी आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा ले रहे हैं।

















